एलजी संधू ने डीडीए के 1,647 नव नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

Summary :

DDA Recruitment 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, सरकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने व सुशासन प्रणाली को बेहतर करने के उद्देश्य से गुरुवार को उपराज्यपाल व दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अध्यक्ष तरनजीत सिंह संधू ने डीडीए में नवनियुक्त 1,647 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके लिए लिए डीडीए द्वारा भव्य नियुक्ति समारोह का आयोजन किया गया था। यह डीडीए द्वारा आयोजित अब तक का सबसे बड़ा भर्ती अभियान है। इसके तहत अभ्यर्थियों को डीडीए में 26 विभिन्न पदों पर नियुक्त किया गया है। वर्तमान…

DDA Recruitment 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, सरकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने व सुशासन प्रणाली को बेहतर करने के उद्देश्य से गुरुवार को उपराज्यपाल व दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अध्यक्ष तरनजीत सिंह संधू ने डीडीए में नवनियुक्त 1,647 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके लिए लिए डीडीए द्वारा भव्य नियुक्ति समारोह का आयोजन किया गया था। यह डीडीए द्वारा आयोजित अब तक का सबसे बड़ा भर्ती अभियान है। इसके तहत अभ्यर्थियों को डीडीए में 26 विभिन्न पदों पर नियुक्त किया गया है। वर्तमान में डीडीए में लगभग 3,000 कर्मचारी कार्यरत हैं और इस नई भर्ती से प्राधिकरण की वर्क फोर्स में लगभग 55% की वृद्धि हुई है, जिससे विभिन्न विभागों की प्रशासनिक एवं परिचालन क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।

“नवनियुक्त कर्मचारी बने दिल्ली के भविष्य और शहरी परिवर्तन के संरक्षक”: एलजी

इस अवसर पर एलजी संधू ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि आप केवल एक सार्वजनिक संगठन से नहीं जुड़ रहे हैं, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी के विकास और भविष्य की दीर्घकालिक दृष्टि के संरक्षक भी बन रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी होने के नाते दिल्ली की एक विशिष्ट पहचान है, जहां शासन व्यवस्था से अपेक्षाएं अत्यधिक एवं विविधतापूर्ण हैं। यह विश्व के समक्ष देश का प्रतिनिधि स्वरूप है। अतः आपकी भूमिका व्यक्तिगत दायित्वों तक सीमित न होकर शहरी एवं राष्ट्रीय परिवर्तन की व्यापक संरचना का हिस्सा बन जाती है।

लोक सेवा के प्रति गंभीर संकल्प पर एलजी का जोर

एलजी ने इस बात पर जोर दिया कि योग्यता ही सफलता का एकमात्र आधार है व लोक सेवा केवल एक व्यावसायिक दायित्व नहीं, बल्कि जनता के प्रति एक गंभीर संकल्प है। उन्होंने डीडीए की संस्थागत सत्यनिष्ठा की ओर प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया यह सुनिश्चित करती है कि अनुशासन एवं निष्ठा के उच्चतम मानकों वाले व्यक्ति ही विकसित भारत एवं विकसित दिल्ली के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। इस दौरान एलजी ने डीडीए के कार्यों व उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में डीडीए ने कई हाउसिंग स्कीम के तहत अलग-अलग श्रेणियों में 11000 से अधिक फ्लैट बेचे हैं, जिनमें अफोर्डेबल हाउसिंग से लेकर प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट तक शामिल हैं। यह किसी भी वित्त वर्ष में सबसे ज्यादा था। पिछले कुछ वर्षों में डीडीए ने नरेला और द्वारका व कड़कड़डूमा में बड़े पैमाने पर आवास और आधारभूत संरचना से जुड़ी पहल की है, साथ ही कालकाजी एक्सटेंशन और जेलरवाला बाग में इनसीटू आवास परियोजनाएं भी शुरु की हैं। इस कार्यक्रम एलजी संधू सहित डीडीए के उपाध्यक्ष एन. सरवण कुमार, डीडीए के वरिष्ठ अधिकारी, नव नियुक्त कर्मचारी व उनके परिजन व अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें-गन पॉइंट पर 4 लाख लूट, पुलिस ने तीन जिलों में छापेमारी कर 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।