Delhi : राजधानी में लंबे समय से लोगों के लिए बड़ी परेशानी बने ट्रैफिक जाम को कम करने की दिशा में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू व दिल्ली पुलिस की कवायद का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। शहर के 62 चिन्हित ट्रैफिक हॉटस्पॉट में से पहले चरण में 34 स्थानों पर किए गए सुधारों के बाद अधिकांश जगहों पर जाम में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में इन नतीजों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निगरानी और डिजिटल प्रवर्तन प्रणाली को पूरे शहर में तेजी से लागू किया जाए, ताकि चौबीसों घंटे ट्रैफिक की निगरानी और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनवरी से मार्च 2026 के दौरान गूगल मैप्स के आधार पर औसतन 48.25 किलोमीटर ट्रैफिक जाम दर्ज किया जा रहा था, जो अप्रैल से 25 जून के बीच घटकर 32.43 किलोमीटर रह गया है। अधिकारियों के मुताबिक यह सुधार ट्रैफिक पुलिस की सड़कों पर बढ़ी मौजूदगी, पैदल गश्त, प्रमुख चौराहों पर इंजीनियरिंग सुधार, सिग्नल प्रबंधन और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल का परिणाम है।
सबसे अधिक राहत पुश्ता रोड (कैलाश नगर) पर मिली, जहां ट्रैफिक जाम में 82.59 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। खजूरी चौक पर 74.29 प्रतिशत और तीन मूर्ति राउंडअबाउट पर 66.01 प्रतिशत तक ट्रैफिक में सुधार हुआ। हालांकि सड़क निर्माण और अन्य कारणों से नारायणा फ्लाईओवर, साउथ एक्सटेंशन-1, मैक्स अस्पताल साकेत और भवभूति मार्ग पर जाम बढ़ने की भी जानकारी दी गई।
डीटीसी, एनडीएमसी और एमसीडी के साथ कर रही नियमित समन्वय
वहीं द्वारका मोड़, सराय काले खां, मुकरबा चौक और डाबड़ी गोलचक्कर को अभी भी गंभीर ट्रैफिक बाधा वाले क्षेत्र माना गया है, जहां जल्द अतिरिक्त उपाय किए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए दिल्ली पुलिस डीएमआरसी, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), डीटीसी, एनडीएमसी और एमसीडी के साथ नियमित समन्वय कर रही है।
संयुक्त सर्वे के जरिए अतिक्रमण हटाने, सड़क डिजाइन में सुधार और ट्रैफिक संचालन को बेहतर बनाने का काम जारी है। शेष 28 हॉटस्पॉट पर भी चरणबद्ध तरीके से सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे। उपराज्यपाल ने कहा कि ट्रैफिक जाम केवल लोगों का समय और ईंधन ही बर्बाद नहीं करता, बल्कि राजधानी में प्रदूषण भी बढ़ाता है। बेहतर यातायात व्यवस्था दिल्ली की अर्थव्यवस्था, निवेश और पर्यटन के लिए भी जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों से अब तक मिली सफलता को कायम रखते हुए तेजी से काम आगे बढ़ाने को कहा और बताया कि वह स्वयं विभिन्न ट्रैफिक हॉटस्पॉट का दौरा कर सुधार कार्यों की समीक्षा करेंगे।
यह भी पढ़ें : 26 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, 10 आरोपी गिरफ्तार, थार, 14 मोबाइल और लैपटॉप बरामद


Download Android App
Download iOS App




