दिल्ली एयरपोर्ट: ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट में लगी आग, यात्रियों में मची भगदड़; 6 घायल

Delhi Airport Incident (social media)

Delhi Airport Incident : इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई एयरपोर्ट) पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब उड़ान भरने से ठीक पहले स्विट्जरलैंड की विमान सेवा स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स के विमान के एक इंजन में खराबी आ गई और उसमें आग लग गई। पायलट ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत विमान को रोक दिया, जिससे सभी यात्रियों की सुरक्षित निकासी संभव हो सकी।

जानकारी के अनुसार, यह विमान दिल्ली से स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख शहर के लिए रवाना होने वाला था। रात करीब एक बजे के बाद जैसे ही विमान उड़ान भरने के लिए आगे बढ़ा, तभी उसके बाईं ओर पहियों के पास से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया और आपातकालीन प्रक्रिया लागू कर दी। इसके बाद रनवे पर ही आपातकालीन फिसलपट्टियों के जरिए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान हल्की अफरा-तफरी की स्थिति बनी, जिसमें 6 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।

दिल्ली एयरपोर्ट हादसा

एयरलाइन के अनुसार, प्रभावित विमान एयरबस ए-330 प्रकार का था। कंपनी ने बताया कि उड़ान से पहले तकनीकी खराबी का संकेत मिलते ही एहतियातन विमान को रोक दिया गया। यात्रियों की देखभाल के लिए स्थानीय टीमें मौके पर मौजूद रहीं और घटना के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम तैनात की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली हवाई अड्डे पर पिछले दस दिनों में यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 16 अप्रैल को स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों की आपस में टक्कर हो गई थी।

उस समय एक विमान हैदराबाद जाने के लिए खड़ा था, तभी दूसरा विमान उससे टकरा गया था। हालांकि उस घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे थे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने हवाई सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि हर बार समय रहते उठाए गए कदमों से बड़े हादसे टल रहे हैं, लेकिन इन घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा मानकों को और सख्त करने तथा विस्तृत जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

Also Read – असंभव को किया संभव: सर गंगा राम अस्पताल में हुआ दूसरा सफल बाइलेटरल हैंड ट्रांसप्लांट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।