Anand Parvat Murder Case : राजधानी दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के 24 साल के पति को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह पूरी सफलता घटना के महज 16 घंटे के भीतर सर्विलांस, टेक्निकल जांच और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से मिली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आपसी कलह और झगड़े के बाद अपनी पत्नी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
10 साल की बच्ची ने खोला हत्या का राज
घटना की शुरुआत 14 सितंबर को हुई, जब आनंद पर्वत थाने में एक महिला की संदिग्ध स्थिति में पड़े होने की खबर मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बलजीत नगर के पंजाबी बस्ती स्थित कमरे पर पहुंची। वहां महिला बेसुध पड़ी हुई थी। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि महिला अपने पति, दो नाबालिग बेटियों और मां के साथ रहती थी।
मामले में सबसे अहम मोड़ तब आया जब मृतका की 10 वर्षीय बेटी ने पुलिस को पूरी बात बताई। बच्ची ने बताया कि तड़के करीब 3:45 से 4:00 बजे के बीच जब उसकी नींद खुली, तो उसने अपने पिता को मां के पास खड़े देखा। पिता मां की सांसें जांच रहे थे और फिर चुपचाप घर से निकल गए। इसके बाद जब बच्ची ने मां को हिलाया-डुलाया तो शरीर में कोई हलचल नहीं हुई।
एफआईआर के बाद हुई गिरफ्तारी
शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर चोट के कोई बड़े निशान नहीं थे, केवल गर्दन की बाईं तरफ नाखून खरोंचने जैसे निशान दिखाई दिए। क्राइम टीम और फॉरेंसिक (FSL) टीम ने मौके से सबूत जुटाए। इसके बाद महिला को लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची के बयान के आधार पर पति पर शक गहराया, जिसके बाद 15 सितंबर को आनंद पर्वत थाने में एफआईआर नंबर 517/2026 दर्ज की गई। पुलिस टीम ने तुरंत टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों का जाल बिछाया, जिसके जरिए आरोपी की लोकेशन यूपी के वैर (बुलंदशहर) में मिली।
आरोपी चंद्रपाल भाटी (24) को वहीं से दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने कबूला कि शादीशुदा जिंदगी में रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर उसने पत्नी का गला घोंट दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है।
यह भी पढ़ें – Kshatriya Karni Sena Delhi Protest: करणी सेना को झटका, जंतर-मंतर प्रदर्शन पर जल्द सुनवाई से HC का इनकार


Download Android App
Download iOS App




