लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत के मद्देनजर भाजपा अगले साल होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक मुद्दों और बेहतर उम्मीदवारों के चयन के लिए कई सर्वेक्षण कराने की योजना बना रही है। दिल्ली भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी अनेक मोर्चों पर काम कर रही है ताकि वह हाल के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय राजधानी में मिले 55 प्रतिशत वोटों को फिर से हासिल कर अगले साल विधानसभा चुनाव में आसान जीत हासिल कर सके।
भाजपा नेता ने बताया कि पार्टी के संगठन महासचिव सिद्धार्थन ने दिल्ली के भाजपा नेताओं की हाल ही में हुई एक बैठक में कहा कि दिल्ली में मिले 55 प्रतिशत वोट हासिल करने के लिए प्रयास होने चाहिए। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड के साथ अक्टूबर-नवंबर में ही दिल्ली में समय से पहले चुनाव होने की संभावना के बाद पार्टी की नियमित बैठकें हो रही हैं।
दिल्ली भाजपा के एक और वरिष्ठ नेता ने कहा, “आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए विधानसभा वार मुद्दों के चयन के लिए, दिल्ली में आप सरकार तथा उसके विधायकों के कामकाज का मूल्यांकन करने तथा हमारे उम्मीदवारों के चुनाव के लिए नेताओं की लोकप्रियता का विश्लेषण करने के उद्देश्य से तीन चरणों में सर्वेक्षणों की योजना है।”
भाजपा नेताओं को 2015 के चुनाव में आम आदमी पार्टी से हार के बाद इस बार जीत की पूरी उम्मीद है। पार्टी नेता ने कहा, “भाजपा दो दशक से सत्ता से बाहर है। इस बार हमारे पास बड़ा अवसर है। न केवल मोदी का जादू चल रहा है, बल्कि आप और उसके प्रमुख अरविंद केजरीवाल का प्रभाव भी कम हो रहा है।”


Download Android App
Download iOS App



