Delhi : दक्षिणी जिले की फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने कैब चालक से लूट और कार जैकिंग के सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद कैफ (25), जुनैद अली (22) और मोहम्मद कैफ (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मारुति सुजुकी डिजायर टैक्सी, चालक का मोबाइल फोन, पर्स, पहचान पत्र, नकदी और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया।
डीसीपी अनंत मित्तल के निर्देशन में एसीपी महरौली की निगरानी तथा एसएचओ राजेश शर्मा के नेतृत्व में एसआई नसीब सिंह, एसआई विकास यादव, एसआई रवि राघव, हेड कांस्टेबल चंद्रम, मुकेश कुमार और प्रदीप कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल ऐप के जरिए देर रात कैब बुक की थी। सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक पर चाकू तान दिया, उसके साथ मारपीट की और टैक्सी, मोबाइल फोन, पर्स तथा जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। शिकायत मिलते ही फतेहपुर बेरी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कैब बुकिंग की जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का तरीका था कि वे मोबाइल ऐप से कैब बुक कर चालक को सुनसान इलाके में बुलाते थे और फिर चाकू के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि तीनों किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें : डोडा में बादल फटने से भारी तबाही; बाढ़ में बह गईं कई गाड़ियां, मलबे में दबीं दुकानें; किश्तवार नेशनल हाईवे बंद






















