कई देशों में कोविड के मामलों में अचानक हो रही वृद्धि के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को आपात बैठक बुलाई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कोविड-19 की स्थिति पर नजर रख रही है और मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को नमूनों का जीनोम अनुक्रमण सुनिश्चित करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक अन्य कदम उठाने का निर्देश दिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा, दिल्ली सरकार सतर्क है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कल कोरोना वायरस को लेकर आपात बैठक बुलाई है।
संक्रमित नमूनों के पूरे जीनोम अनुक्रमण को तैयार किया जाए
जापान, दक्षिण कोरिया, ब्राजील, चीन और अमेरिका में कोविड-19 के मामलों में अचानक आई तेजी के बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आग्रह किया था कि वायरस के उभरते हुए स्वरूप पर नजर रखने के लिए संक्रमित नमूनों के पूरे जीनोम अनुक्रमण को तैयार किया जाए।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे एक पत्र में कहा है कि इस तरह की कवायद से देश में नए स्वरूप का समय पर पता लगाने में मदद मिलेगी और आवश्यक सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय करना सुविधाजनक होगा। कोविड-19 की सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती अब भी दुनिया भर में बनी हुई है, जिसके लगभग 35 लाख मामले साप्ताहिक रूप से दर्ज किए गए हैं।।


Download Android App
Download iOS App



