दिल्ली में कोरोना वायरस का कहर अब कम होता नजर आ रहा है। इस बीच, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार सड़क किनारे सामान बेचने वालों और फेरीवालों को अपने काम और व्यवसायों को फिर से शुरू करने की अनुमति देने के लिए एक आदेश पारित करेगी।
कोरोना वायरस महामारी और इसके कारण लगे लॉकडाउन ने छोटे कारोबारों और व्यक्तिगत व्यवसायों दोनों को बुरी तरह से प्रभावित किया है, जिसमें सड़क किनारे सामान बेचने वाले, फेरीवाले विक्रेता सबसे अधिक प्रभावित होने वाले समूहों में शामिल हैं।
केजरीवाल ने एक डिजिटल प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘एक विशेष आदेश पारित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से सड़क विक्रेता और फेरीवाले दिल्ली में अपने काम और आजीविका को फिर से शुरू कर सकते हैं।’’ सरकार ने एक बयान में कहा कि फेरीवालों को हर दिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक काम करने की अनुमति दी जाएगी और उन्हें कोविड-19 के प्रसार से बचने के लिए सामाजिक दूरी और अन्य सभी एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने होंगे।
केजरीवाल ने कहा कि कुछ भ्रम के कारण, इन लोगों को पहले काम करने की अनुमति नहीं थी, लेकिन अब उन्हें सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक काम शुरू करने की अनुमति होगी।


Download Android App
Download iOS App



