Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालीमार बाग के संदेश विहार स्थित एमसीडी कम्युनिटी हॉल में ‘जन कल्याण शिविर’ का शुभारंभ किया। ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ की भावना के साथ खोले जा रहे ये शिविर 18 से 20 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक राजधानी के सभी जिलों में कुल 42 स्थानों पर संचालित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को केंद्र सरकार एवं दिल्ली सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर त्रि-नगर से विधायक तिलकराम गुप्ता सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिल्ली के लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
कई ऐसी सुविधाएं थीं, जो वर्षों तक दिल्लीवासियों को उपलब्ध नहीं हो सकीं, लेकिन अब डबल इंजन की सरकार और जनता के प्रति समर्पित ट्रिपल इंजन व्यवस्था के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंच रही है और ‘सेवा, सुविधा और समाधान’ के संकल्प के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की जन कल्याणकारी यात्रा और दिल्ली सरकार के एक वर्ष के प्रयासों का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन शिविरों का संचालन किया गया है, जो भी नागरिक विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र हैं, उन्हें अब सभी विभागों द्वारा एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी, सहायता और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पूरी दिल्ली में 42 स्थानों पर तीन दिनों तक चलने वाले इन शिविरों में नागरिक अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
दिल्ली जल बोर्ड, हाउस टैक्स विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि लोगों को बिना किसी परेशानी के त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जन कल्याण शिविर में उपलब्ध प्रमुख सुविधाएं एवं सेवाएं
इन शिविरों में नागरिकों को अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें पिंक कार्ड, राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जन धन खाता, लखपति बिटिया योजना तथा पीएम-उदय योजना से संबंधित सेवाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आधार पंजीकरण काउंटर, ‘टैलेंट हंट – हौसलों की उड़ान’, राष्ट्रीय वयोश्री योजना, हाउस टैक्स संबंधी सेवाएं, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर पावर संबंधी जानकारी एवं एमएसएमई और उद्योगों के लिए ऋण सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विजेन्द्र गुप्ता ने रोहिणी में किया उद्घाटन
जब शासन-प्रशासन प्रत्येक नागरिक के द्वार तक पहुंचता है, तब जनकल्याण सशक्तिकरण में परिवर्तित हो जाता है और लोकसेवा जन-जन के जीवन का वास्तविक अनुभव बन जाती है। इसी सोच के साथ दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने रोहिणी में आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह शिविर नागरिकों को बिना किसी अनावश्यक प्रक्रियागत कठिनाई के सरकारी योजनाओं एवं आवश्यक जनसेवाओं तक सहज पहुंच सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
20 जून सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की मिलेगीं सुविधाएं : प्रवेश साहिब सिंह
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने एनडीएमसी सामुदायिक केंद्र, बंगाली मार्केट में आयोजित जन कल्याण शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना और नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे 20 जून तक चलने वाले इन शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
यह भी पढ़ें : NSUT में 10 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित हुआ अटल इनक्यूबेशन केंद्र, नवाचार को मिलेगी नई दिशा : उच्च शिक्षा मंत्री आशीष सूद


Download Android App
Download iOS App




