Delhi : दिल्ली की मुस्तफाबाद विधानसभा का नाम बदलने के मुहिम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी सक्रिय भूमिका में आ गई हैं। उन्होंने रविवार को मुस्तफाबाद क्षेत्र में एक मंच से इस बात का ऐलान भी कर दिया। हालांकि इससे पहले दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं मुस्तफाबाद से विधायक मोहन सिंह इस मामले को विधानसभा में उठा चुके हैं।
यहां, बता दें कि रविवार को सीएम शिव विहार क्षेत्र में भाजपा की ओर से आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं भजन संध्या में पहुंची। सीएम ने कहा कि यहां के लोग मुस्तफाबाद काे भोले की नगरी बनाना चाहते हैं। नाम बदलने की लड़ाई वह लड़ेंगी। डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि वह पैगंबर मुस्तफा साहब का सम्मान करते हैं और मुस्तफाबाद क्षेत्र के नाम के विरोधी नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि वह मुस्तफाबाद क्षेत्र का नाम नहीं, बल्कि मुस्तफाबाद विधानसभा का नाम बदलकर शिव विहार करेंगे। मुस्तफाबाद इलाका और मुस्तफाबाद वार्ड पहले की तरह ही उसी नाम से जाने जाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में अधिकतम मतदाता हिंदू हैं। विधानसभा चुनाव में के दौरान जनता से वादा किया था अगर वह चुनाव जीते तो विधानसभा क्षेत्र का नाम भोले बाबा की नगरी के नाम पर रखेंगे। भोले की कृपा से अब वादा पूरा करने का समय आ गया है।
200 करोड़ की लागत से बदलेगी मुस्तफाबाद की सूरत
CM रेखा गुप्ता ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मोहन सिंह बिष्ट दिल्ली के सबसे अनुभवी और जुझारू नेता हैं। वह जब भी मुलाकात करते हैं मुस्तफाबाद क्षेत्र के विकास की बात करते हैं। उनकी चिंता की वजह से ही आज 200 करोड़ रुपये की लागत से मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं।
CM ने पूर्व की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 65 साल तक कांग्रेस का कार्यकाल रहा, लेकिन क्षेत्रों का विकास नहीं करवा सकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 वर्षों में कांग्रेस से ज्यादा काम करवा दिए। मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस और फिर आप के राज में मुस्तफाबाद क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। भाजपा ने सत्ता में आते ही मुस्तफाबाद में पीएनजी गैस पाइप लाइन शुरू की। जल्द ही पूरी विधानसभा में घर घर पीएनजी गैस कनेक्शन होगा।
यह भी पढ़ें : 12वीं के छात्रों को CBSE ने दिया अपना प्रदर्शन सुधारने और साल बचाने का अवसर






















