कोचिंग संस्थानों के लिए मजबूत नियामकीय ढांचा तैयार किया जा रहा है : आशीष सूद

Summary :

Delhi Coaching Institute : दिल्ली सरकार ने राजधानी के कोचिंग संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना और नियामकीय व्यवस्था की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में गृह विभाग, एमसीडी, शहरी विकास विभाग, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और उच्च शिक्षा निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान मंत्री ने कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कमियों पर गंभीर चिंता व्यक्त…

Delhi Coaching Institute : दिल्ली सरकार ने राजधानी के कोचिंग संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना और नियामकीय व्यवस्था की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में गृह विभाग, एमसीडी, शहरी विकास विभाग, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और उच्च शिक्षा निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान मंत्री ने कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कमियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा और कल्याण के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संस्थानों को सरकार और न्यायालयों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश

मंत्री सूद ने संबंधित विभागों को दिल्ली के प्रमुख कोचिंग हब खासकर मुखर्जी नगर, राजेंद्र नगर और कटवरिया सराय में विशेष निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा, भवन मानकों और अन्य अनिवार्य सुरक्षा प्रावधानों के अनुपालन की जांच की जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एमसीडी द्वारा सर्वेक्षित 923 कोचिंग संस्थानों की सूची संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाएगी।

“नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ की जाएगी कठोर कार्रवाई”

शिक्षा मंत्री ने दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों को नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही MCD को प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट शिक्षा मंत्री कार्यालय को सौंपने को कहा गया है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि उच्च शिक्षा निदेशालय कोचिंग संस्थानों के लिए एक व्यापक नियामकीय ढांचा तैयार कर रहा है।

इसका उद्देश्य जवाबदेही बढ़ाना, सुरक्षा मानकों को मजबूत करना और पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना है। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार छात्रों के हितों और उनकी सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : जून माह में डेंगू के 347 मामले, मानसून से पहले जनित बीमारियों पर सरकार सख्त

Avinay