जून माह में डेंगू के 347 मामले, मानसून से पहले जनित बीमारियों पर सरकार सख्त

Summary :

Delhi :  मानसून के आगमन से पहले दिल्ली सरकार ने डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक कर सभी एजेंसियों को रोकथाम संबंधी उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में बीमारी की वर्तमान स्थिति, निगरानी तंत्र, अस्पतालों की तैयारी, मच्छर नियंत्रण अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। एमसीडी के अनुसार, 20 जून 2026 तक दिल्ली में डेंगू के 347, मलेरिया के 87 और चिकनगुनिया के 19 मामले दर्ज किए गए हैं।…

Delhi :  मानसून के आगमन से पहले दिल्ली सरकार ने डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक कर सभी एजेंसियों को रोकथाम संबंधी उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में बीमारी की वर्तमान स्थिति, निगरानी तंत्र, अस्पतालों की तैयारी, मच्छर नियंत्रण अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। एमसीडी के अनुसार, 20 जून 2026 तक दिल्ली में डेंगू के 347, मलेरिया के 87 और चिकनगुनिया के 19 मामले दर्ज किए गए हैं। राहत की बात यह है कि इस वर्ष अब तक डेंगू या मलेरिया से किसी मौत की सूचना नहीं मिली है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार डेंगू से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। निगरानी व्यवस्था, अस्पतालों की तैयारी, जांच सुविधाओं और मच्छर नियंत्रण उपायों को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि डेंगू के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास मच्छरों का प्रजनन रोकने में योगदान देना चाहिए।

मुख्यालय में कंट्रोल रूम भी किया जा रहा संचालित

सरकार ने 35 सेंटिनल सर्विलांस अस्पतालों का नेटवर्क सक्रिय किया है। सभी सरकारी और निजी अस्पतालों व प्रयोगशालाओं को मामलों की रियल टाइम रिपोर्टिंग के निर्देश दिए गए हैं। डीजीएचएस मुख्यालय में कंट्रोल रूम भी संचालित किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि 20 जून तक 1.81 करोड़ से अधिक घरों का निरीक्षण किया गया, लगभग 1.97 लाख मकानों में छिड़काव किया गया, 38,500 से अधिक नोटिस जारी किए गए और 4,200 से अधिक उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई।

उन्होंने नागरिकों से सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाने, पानी जमा न होने देने, मच्छररोधी उपाय अपनाने तथा बुखार होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। सरकार ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें : Delhi : सड़कों को आधुनिक और टिकाऊ बनाएगी सरकार, 657.99 करोड़ मंजूर

Avinay