Munger Ganga Ghat Accident : बिहार के मुंगेर जिले में बुधवार को गंगा स्नान के दौरान दो अलग-अलग घाटों पर बड़ा हादसा हो गया। नदी की तेज धारा में डूबने से पांच लड़कियों और एक लड़के समेत 6 लोगों की मौत हो गई। पहली हृदयविदारक घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्यामपुर बकचपड़ा गंगा घाट की है, जहां एक ही परिवार की चार सगी बहनों सहित पांच लड़कियां डूब गईं। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
सूचना मिलते ही वासुदेवपुर और मुफस्सिल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और SDRF को तुरंत रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। अब तक चार बच्चियों के शव पानी से बाहर निकाल लिए गए हैं, जबकि पांचवीं की तलाश जारी है।
Ganga Bath Accident : पूजा के लिए गई थीं गंगा स्नान करने
जानकारी के मुताबिक, वासुदेवपुर थाना क्षेत्र की मोहली पंचायत (वार्ड 9) के श्यामपुर निवासी क्रांति पासवान की चार बेटियां संगीता कुमारी (18 वर्ष), विनीता कुमारी (16 वर्ष), दूसरी संगीता कुमारी (14 वर्ष), सोनाली कुमारी (12 वर्ष) और उनके पड़ोस के चानो पासवान की बेटी हिना कुमारी (18 वर्ष) अपनी तीन अन्य सहेलियों के साथ घाट पर गई थीं। मृतका संगीता की मां रानी देवी और हिना की मां जतना देवी ने रोते हुए बताया कि घर में पूजा होनी थी, जिसके लिए सभी सुबह गंगा स्नान करने निकली थीं।
नदी में नहाने के दौरान कुल आठ लड़कियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज बहाव के कारण बहने लगीं। घाट पर मौजूद कुछ युवकों ने तत्परता दिखाते हुए तीन लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पांच अन्य को तेज धारा निगल गई।
परिजनों ने बताया कि संगीता और हिना बीआरएम कॉलेज में बीए पार्ट वन की छात्राएं थीं। पीड़ित मां रानी देवी ने रोते हुए कहा कि उनकी चार ही बेटियां थीं और चारों अब इस दुनिया में नहीं रहीं। भाजपा के पूर्व विधायक प्रणव कुमार यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर शोक जताया और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तुरंत सरकारी मुआवजा देने की मांग की।
Shampur Ghat : छोटे भाई को बचाने की कोशिश में बड़ा भाई डूबा
डूबने की दूसरी घटना भी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श ग्राम टिकारामपुर गंगा घाट पर सामने आई। यहां सुबोध कुमार के दो बेटे नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान छोटा भाई गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसे तड़पता देख बड़े भाई पीयूष कुमार पटेल (16 वर्ष) ने उसे बचाने के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन नदी की तेज लहरों के सामने उसकी कोशिश नाकाम रही और वह खुद गहरे पानी में समा गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस हेल्पलाइन 112 को सूचना दी। बाद में एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पीयूष का शव नदी से बाहर निकाला। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुंगेर के जिलाधिकारी (DM) निखिल धनराज ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि गंगा स्नान के दौरान कुल छह लोगों की डूबने से मौत हुई है। सभी शवों के बरामद होने के बाद आगे की जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App




