Delhi : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (सीएक्यूएम) ने निगरानी और प्रवर्तन गतिविधियों को और तेज कर दिया है। एनफोर्समेंट टास्क फोर्स (ईटीएफ) की 133वीं बैठक में 30 मई से 13 जून 2026 के दौरान की गई निरीक्षण और अनुपालन कार्रवाइयों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि 15 दिनों की अवधि में सीएक्यूएम के फ्लाइंग स्क्वॉड ने कुल 199 निरीक्षण किए। इनमें 10 निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सीएंडडी) साइट्स, 94 औद्योगिक इकाइयों और 95 डीजल जनरेटर (डीजी) सेटों का निरीक्षण शामिल था। निरीक्षण के दौरान कुल 66 उल्लंघन सामने आए, जिनमें सीएंडडी साइट्स के 8, औद्योगिक इकाइयों के 23 और डीजी सेटों से जुड़े 35 मामले शामिल हैं।
इन उल्लंघनों के आधार पर 4 इकाइयों एवं परियोजनाओं को बंद करने, 29 डीजी सेट सील करने, 12 निर्देश जारी करने तथा 2 मामलों में पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (ईसी) लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। ईटीएफ ने यह भी बताया कि पिछली बैठक के बाद सीएंडडी साइट्स और डीजी सेटों से जुड़े सभी कार्रवाई योग्य मामलों में आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
विशेष निरीक्षण अभियान की भी समीक्षा
बैठक में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 15 जून को चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान की भी समीक्षा की गई। 10 औद्योगिक इकाइयों में से केवल एक इकाई मानकों के अनुरूप पाई गई, जबकि 9 इकाइयों में गंभीर खामियां मिलीं। इनमें प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों का सही ढंग से काम न करना, स्टैक मॉनिटरिंग सुविधाओं की कमी और उत्सर्जन मानकों का उल्लंघन प्रमुख रहे।
सीएक्यूएम ने निरीक्षण रिपोर्टों को फोटो और वीडियो साक्ष्यों सहित समय पर प्रस्तुत करने तथा उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोग के अनुसार, 19 जून 2026 तक फ्लाइंग स्क्वॉड 27,577 इकाइयों, परियोजनाओं और संस्थाओं का निरीक्षण कर चुका है, जिसके आधार पर 1,797 क्लोजर निर्देश जारी किए गए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया कि एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण नियमों के सख्त पालन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : किसी को नौकरी तो किसी को प्लाट दिलाने का झांसा, करोड़ों की ठगी करने वाला फर्जी ADM गिरफ्तार


Download Android App
Download iOS App




