Delhi : सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने खुद को एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (ADM) बताकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। देशबंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रयागराज, यूपी निवासी पवन कुमार पांडेय उर्फ वरुण कुमार पांडेय (43) के तौर पर की है।
DCP (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी पवन कुमार दावा करता था कि उसके बड़े सरकारी अधिकारियों से लिंक हैं। वह सरकारी नौकरी लगवाने और नोएडा में बड़े प्लाट दिलवाने व अन्य तरह से लोगों को झांसा देकर ठगता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक कार, स्कूटी, ADM की नकली आईडी, विजिटिंग कार्ड व बड़ी संख्या में अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए 2015 बैच के पीसीएस अधिकारी वरुण कुमार पांडेय के नाम का इस्तेमाल करता था। उसने इनके नाम से ही आईकार्ड व दूसरे दस्तावेज बनवाए हुए थे। वह इनका इस्तेमाल कर ठगी कर रहा था।
आरोपी ने खुद को यूपी में बताया ADM
आरोपी पहले भी इसी तरह के दो मामलों में शामिल रहा है। DCP ने बताया कि गत 23 मार्च को देशबंधु गुप्ता रोड थाने के अंतर्गत आने वाली सिद्धि पुरा पुलिस चौकी में 60 लाख रुपये ठगी की एक शिकायत मिली थी। पीड़ित ने बताया कि उनकी मुलाकात एक व्यक्ति के जरिए वरुण कुमार पांडेय से हुई।
इसके बाद आरोपी सरकारी नौकरी और नोएडा में सरकारी नीति के तहत मिलने वाले प्लॉट दिलवाने का वादा किया। पीड़ित उनके झांसे में आ गए और 60 लाख रुपये दे दिए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।चौकी इंजार्च सुमित सिंह व उनकी टीम ने आरोपी के खिलाफ सबूत एकत्र किए।
टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई और आरोपी पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया। चार दिन की पुलिस रिमांड के बाद आरोपी को शनिवार को जिला अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें : Delhi Crime : नशे में हैवान बना पिता, दो वर्षीय बेटे को पीट-पीटकर मार डाला


Download Android App
Download iOS App




