Delhi Crime : साउथ ईस्ट के जैतपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब और नशे का आदी एक पिता अपने ही दो वर्षीय बेटे की मौत का कारण बन गया। घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी और दोनों मासूम बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल हुए दो वर्षीय बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में हत्या की गंभीर धाराएं जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना मिठापुर स्थित लखपत कॉलोनी पार्ट-2 की है।
DCP डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि 34 वर्षीय चंदन शर्मा अपनी पत्नी आरती और दो नाबालिग बच्चों के साथ यहां रहता है। वह पेशे से बढ़ई है और लंबे समय से शराब पीने तथा नशा करने का आदी बताया जाता है। DCP के मुताबिक, 19 जून की दोपहर चंदन शर्मा नशे की हालत में घर पहुंचा था।
घर पहुंचते ही उसका पत्नी आरती से नशे की आदत को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने अपने दोनों बच्चों को भी पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने दो वर्षीय बेटे को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मां आरती ने किसी तरह पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बचाने का प्रयास किया तथा तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायल बच्चे को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद गंभीर बताई।
अस्पताल में कई घंटे इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
अस्पताल में कई घंटों तक चले उपचार के बावजूद मासूम की जान नहीं बच सकी। शनिवार सुबह उपचार के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी चंदन शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की मौत के बाद मामले में हत्या से जुड़ी गंभीर धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और आरोपी की नशे की लत इस दर्दनाक घटना की मुख्य वजह के रूप में सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी पत्नी और बच्चों के साथ हिंसक व्यवहार करता था या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : जन कल्याण शिविरों को मिल रहा है दिल्लीवासियों का समर्थन, दूसरे दिन 28,000 का आंकड़ा पार


Download Android App
Download iOS App




