Delhi : दिल्ली की महिलाएं केवल स्मार्ट (एनसीएमसी) कार्ड के जरिए ही आगामी एक अगस्त से डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा का लाभ उठा पाएंगी। दरअसल वर्तमान में चल रही पेपर आधारित पिंक टिकट व्यवस्था 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। इसको लेकर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने आदेश जारी कर दिया गया है।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि हर पात्र महिला को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा का लाभ निरंतर मिलता रहे। किसी भी पात्र महिला को घबराने की जरूरत नहीं है। 31 जुलाई तक पिंक टिकट पूरी तरह मान्य रहेंगे और एक अगस्त से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिलाएं पहले की तरह बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई के बाद भी डीटीसी बस डिपो और विशेष शिविरों के माध्यम से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र महिला लाभार्थी इस सुविधा से वंचित नहीं रहे।
परिवहन मंत्री ने कहा कि पेपर वाले टिकट से एनसीएमसी आधारित पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड प्रणाली में बदलाव से योजना को बेहतर तरीके से लागू करने, लाभार्थियों के प्रभावी तरीके से प्रबंधन, व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा पहले की तरह बिना किसी बाधा के मिलती रहेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की कोई अंतिम समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने एक बार फिर से दोहराया कि दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ महिलाओं के कल्याण और सुविधा के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) द्वारा जारी परिचालन निर्देशों के अनुसार 1 अगस्त 2026 से वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिला यात्रियों को डीटीसी और क्लस्टर की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा पहले की तरह मिलती रहेगी, जबकि पेपर आधारित पिंक टिकट व्यवस्था को स्मार्ट कार्ड आधारित प्रणाली लागू होने के साथ चरणबद्ध तरीके से खत्म करके स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
अब तक लगभग 15 लाख कार्ड जारी
परिवहन मंत्री ने बताया कि अब तक दिल्ली में लगभग 15 लाख पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं और हजारों महिलाएं नियमित रूप से इसी कार्ड के माध्यम से मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठा रही हैं। उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि जिन्होंने अभी तक पिंक कार्ड नहीं बनवाया है, वे जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन करवाकर कार्ड बनवा लें।
यह भी पढ़ें : चाइल्ड सेफ्टी मंथ के तहत सेल्फ डिफेंस, साइबर सुरक्षा और गुड टच-बैड टच पर जागरूकता अभियान


Download Android App
Download iOS App




