Delhi : नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के भजनपुरा इलाके में घरेलू विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां पत्नी से अलग रह रहे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में महिला के चेहरे का बायां हिस्सा झुलस गया।
पीड़िता को इलाज के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसके बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पति सीता राम की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता शीतल अपनी बेटी प्रियंका के साथ वेस्ट घोंडा स्थित गंगोत्री विहार में रहती है। शीतल ने पुलिस को बताया कि उसका पति सीता राम नशे का आदी है और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। लगातार घरेलू हिंसा से परेशान होकर वह करीब सात से आठ महीने पहले अपनी बेटी के साथ अलग रहने लगी थी।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रही थी पीड़िता
पीड़िता के मुताबिक, 24 जून की दोपहर वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका पति अचानक सामने आ गया। आरोप है कि उसने बिना किसी बातचीत के महिला के चेहरे पर कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया और तुरंत मौके से फरार हो गया। हमले के बाद शीतल के चेहरे पर तेज जलन होने लगी।
किसी तरह वह अपने घर पहुंची और बेटी प्रियंका की मदद से इलाज के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल गई। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसका इलाज किया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी सीता राम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़िता की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें : स्वच्छता अभियान : CM रेखा गुप्ता ने चिल्ला गांव के यमुना घाट पर लोगों के साथ किया श्रमदान


Download Android App
Download iOS App




