Delhi : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक कारोबारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश के पीछे हैरान करने वाला खुलासा किया है। बात सिर्फ रंगदारी तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि कारोबारी की मां की हत्या करने की भी प्लानिंग थी। इस सबके पीछे कोई और नहीं, बल्कि कारोबारी की पत्नी सपना जैन का हाथ था। वहीं, गोगी गैंग के एक गुर्गे रजत के साथ मिलकर षड्यंत्र रच रही थी।
डीसीपी (स्पेशल सेल) प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एसीपी (एनडीआर) विवेक त्यागी की देखरेख में इंस्पेक्टर संजय कुमार गुप्ता, पंकज चौहान की टीम ने इस साजिश को नाकाम करते हुए कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गिरोह के बदमाश रजत (29) को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी (स्पेशल सेल) प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गत 14 जून को लक्ष्मी नगर इलाके में थोक कारोबार करने वाले एक व्यापारी को अंतरराष्ट्रीय (यूएसए) नंबर से कॉल और संदेश प्राप्त हुए। कॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने रकम नहीं देने पर कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित को डराने के लिए उसकी दुकान और घर की तस्वीरें तथा लोकेशन भी भेजी गईं।
इस संबंध में 18 जून को लक्ष्मी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल सेल की टीम ने भी जांच शुरू कर दी। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मानव स्रोतों की मदद से सोनीपत निवासी रजत की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वह पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसकी गोगी गैंग के कई सदस्यों, विशेष रूप से जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई से संपर्क था।
रजत के फोन से हुआ चौकाने वाला खुलासा
आरोपी रजत के पकड़े जाने के बाद जब पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की तो पता चला कि वह अमेरिका में बैठे रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति के संपर्क में था, जबकि दूसरी ओर वह पीड़ित की पत्नी सपना जैन और उसकी बहन के भी संपर्क में था। रजत ने आगे पूछताछ में खुलासा किया कि सपना जैन ने ही उसे अपने पति से रंगदारी वसूलने, सास की हत्या कराने और पति पर हमला करवाने की जिम्मेदारी सौंपी थी।
सपना अपने पति की गतिविधियों और दिनचर्या की जानकारी रजत को उपलब्ध करा रही थी। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2007 में सपना की कारोबारी से शादी हुई थी। उनके बीच घरेलू विवाद चल रहा था। परिवार में चल रहे मतभेदों के चलते सपना ने अपनी बहन के मित्र रजत के साथ मिलकर इस साजिश को रचा। पुलिस को मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक चैट और डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं। डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस ने की यमुना घाटों से 310 परिवारों के पुनर्वास की मांग, कहा – “विकास के नाम पर…”


Download Android App
Download iOS App




