Delhi : दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को विकासपुरी में नए आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक केंद्र राजधानी की नागरिक सुविधाओं के ढांचे को और मजबूत करेगा तथा हजारों स्थानीय निवासियों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि नया आधार सेवा केंद्र आधार से जुड़ी विभिन्न सेवाओं की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएगा। इससे नागरिकों को अपने दस्तावेजों के सत्यापन, अद्यतन और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। सरकार का लक्ष्य आम लोगों तक तकनीक आधारित सेवाओं को आसान और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम हो सके।
उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन मॉडल का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग केवल सेवाओं के डिजिटलीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना, पारदर्शिता बढ़ाना और सामाजिक समावेशन को मजबूत करना है।
बच्चों के लिए निःशुल्क बायोमेट्रिक अपडेट शिविर किए जा रहे आयोजित
उन्होंने कहा कि देशभर में चल रहे ऐसे प्रयास नागरिकों के जीवन को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उपराज्यपाल ने अभिभावकों से बच्चों के आधार रिकॉर्ड को अद्यतन रखने की अपील भी की। उन्होंने बायोमेट्रिक शिविर पर बात करते हुए कहा कि बच्चों के लिए निःशुल्क बायोमेट्रिक अपडेट शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका अधिक से अधिक लाभ उठाया जाना चाहिए।
इससे बच्चों के आधार विवरण सही और अद्यतन बने रहेंगे तथा भविष्य में विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ सरकार जनता के कल्याण और बेहतर सेवा वितरण के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दिल्ली में एक ऐसी उत्तरदायी नागरिक व्यवस्था विकसित की जा रही है, जो लोगों को सशक्त बनाए और शासन व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास और मजबूत करे।
यह भी पढ़ें : शेयर मार्केट में इंवेस्ट के नाम पर महिला से 21 लाख की ठगी, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार


Download Android App
Download iOS App




