दिल्ली के सिविक सेंटर में शुक्रवार को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया, उनके कार्यों की सराहना की और आम लोगों से भी साफ-सफाई रखने की अपील की। कार्यक्रम में दिल्ली के मेयर और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने कहा कि सफाई कर्मचारी दिल्ली में साफ-सफाई और दूसरे कार्यों की जिम्मेदारी बड़ी शिद्दत के साथ निभा रहे हैं। उन्हें उनकी मेहनत के अनुसार सम्मान मिलना चाहिए। कुछ क्षेत्रों, विशेषकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों का रखरखाव अच्छा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सुधार की आवश्यकता है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि एमसीडी क्षेत्र भी एनडीएमसी क्षेत्रों की तरह स्वच्छ और सुंदर बनें।
वी.के. सक्सेना ने कोविड-19 महामारी, यमुना की बाढ़ और जी-20 सम्मेलन के दौरान सफाई कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने दिल्ली की जनता से भी साफ-सफाई की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान जो कार्य दिल्ली में नहीं हो पाए थे, वे अब नई सरकार के दौरान पूरे होंगे। उपराज्यपाल ने कहा कि जब हम राजधानी में गड्ढे और कचरा देखते हैं, तो यह चिंता उत्पन्न होती है कि क्या हम सही मायने में देश की राजधानी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। दिल्ली के मेयर महेश खींची ने कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी न सिर्फ दिल्ली को साफ करने में अहम योगदान दे रहे हैं, बल्कि किसी भी आपदा और विपदा में जब भी इनकी जरूरत पड़ी, इन्होंने बड़ी शिद्दत और जिम्मेदारी के साथ अपना योगदान दिया है।


Download Android App
Download iOS App



