मंगोलपुरी पत्थर मार्केट के PG में महिला की गला रेतकर हत्या, बेड बॉक्स में छिपाया शव, आरोपी गिरफ्तार

Summary :

Delhi Mangolpuri Murder Case: बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी पत्थर मार्केट में चल रहे एक पीजी में करीब 35 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। वारदात मंगलवार की है। पुलिस को मृतका का शव पीजी की तीसरी मंजिल पर एक रूम में डबल बेड के अंदर से बरामद हुआ है। शव को कंबल में लपेट कर ठूसा गया था। शाम के समय जब पीजी में रहने वाला युवक रूप पर पहुंचा तो डबल बेड में महिला का शव देखा। उसने तुरंत पीजी मालिक और पुलिस को सूचना दी। डीसीपी (आउटर) विक्रम सिंह ने बताया कि क्राइम टीम और एफएसएल की…

Delhi Mangolpuri Murder Case: बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी पत्थर मार्केट में चल रहे एक पीजी में करीब 35 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। वारदात मंगलवार की है। पुलिस को मृतका का शव पीजी की तीसरी मंजिल पर एक रूम में डबल बेड के अंदर से बरामद हुआ है। शव को कंबल में लपेट कर ठूसा गया था। शाम के समय जब पीजी में रहने वाला युवक रूप पर पहुंचा तो डबल बेड में महिला का शव देखा। उसने तुरंत पीजी मालिक और पुलिस को सूचना दी। डीसीपी (आउटर) विक्रम सिंह ने बताया कि क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। इस बाबत मंगोलपुरी थाने में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। एसएचओ महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाने की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लोकल इंटेलिजेंस की मदद ली।
पुलिस को सफलता मिली और वारदात में शामिल मुख्य आरोपी दीपक, इसके सहयोगी सुरेंद्र उर्फ बॉबी और जोगिंदर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी दीपक ने खुलासा किया है कि झगड़े के दौरान उसने महिला की हत्या की। महिला पर पहले किसी धारदार हथियार से हमला किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को कंबल में लपेट कर बेड के बॉक्स में डाल दिया। उसने शव को ठिकाने लगाने में सुरेंद्र और जोगिंदर की मदद ली। सूत्रों की मानें तो 22 वर्षीय दीपक और मृतक महिला के बीच संबंध थे। आरोपी ने महिला को जानकार के रूम पर मिलने के लिए बुलाया था। आशंका है कि उसने महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया। इसी दौरान झगड़े के दौरान उसकी हत्या कर दी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। जिसमें आरोपी दीपक महिला के साथ रूम पर आते हुए नजर आया है। पुलिस के सामने सवाल है कि कहीं तीनों आरोपियों ने महिला के साथ गैंग रेप तो नहीं किया।इसका जवाब जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। फिलहाल पुलिस ने बुधवार को महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

घर से लापता थी महिला सड़क पर मिला फोन

पुलिस के मुताबिक महिला अपने परिवार के साथ मंगोलपुरी इलाके में रहती थी। इसके परिवार में पति के अलावा दो बेटे (16 और 8 साल) तथा 13 साल की एक बेटी है। महिला का पति प्राइवेट जॉब करता है, जबकि महिला खुद कोठियों में घरेलू सहायिका का काम करती थी। दोनों मिलकर परिवार चला रहे थे और बच्चों को पढ़ा रहे थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे महिला अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़ने गई थी। मगर इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने महिला की तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। इसी बीच महिला के फोन से किसी अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। उसने बताया कि उसे यह फोन उद्योग नगर, नांगलोई में सड़क पर पड़ा मिला है। यह सुनते ही परिजन परेशान हो गए। उसी दिन देर रात पुलिस के माध्यम से परिजन को पता चला कि महिला की हत्या कर दी गई है।

ब्लैकमेल करने का आरोप

सूत्रों की मानें तो मृतका महिला के परिजनों का आरोप है कि आरोपी दीपक महिला को ब्लैकमेल कर रहा था। उसने महिला से दो लाख रुपए भी वसूल लिए थे। यह तक आरोप है कि आरोपी महिला को फोन कर जबरन मिलने के लिए बुलाता था, जबकि महिला उससे दूरी बनाने लगी थी। पुलिस अब इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी दीपक महिला को लेकर कमरे पर आया था। पुलिस ने दीपक को बी-ब्लॉक स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है। इससे पूछताछ के बाद आरोपी सुरेंद्र व जोगिंदर को भी दबोच लिया। दीपक और महिला के पिछले कई सालों से प्रेम संबंध थे। करीब नौ महीने पहले दीपक की शादी हो गई थी। पुलिस के मुताबिक जिस पीजी में महिला का शव मिला उसमें अमरजीत रहता था। मंगलवार को वह रूम पर पहुंचा तो देखा कि डबल बेड का बॉक्स ठीक से बंद नहीं है। उसने बेड के बॉक्स को बंद करने का प्रयास किया। जब बंद नहीं हुआ तो उसे खोलकर देखा। बेड में कंबल में लिपटी महिला की लाश पड़ी थी। सिर से खून निकल रहा था।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।