दिल्ली मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, घंटों तक चली तलाशी, जांच के बाद सब कुछ सामान्य

Summary :

Delhi Mayor Office Bomb Threat: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर कार्यालय को बुधवार सुबह एक ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक सुबह 07:31 बजे भेजे गए इस ई-मेल में दोपहर 02:11 बजे विस्फोट करने की बात कही गई थी। धमकी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर महापौर कार्यालय परिसर की गहन और विस्तृत जांच की। पूरी तलाशी अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री…

Delhi Mayor Office Bomb Threat: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर कार्यालय को बुधवार सुबह एक ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक सुबह 07:31 बजे भेजे गए इस ई-मेल में दोपहर 02:11 बजे विस्फोट करने की बात कही गई थी। धमकी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर महापौर कार्यालय परिसर की गहन और विस्तृत जांच की।
पूरी तलाशी अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच के बाद स्थिति को पूरी तरह सामान्य घोषित कर दिया गया और कार्यालय में कामकाज भी पहले की तरह सुचारू रूप से जारी रहा। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

इस पूरे घटनाक्रम पर महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि इस तरह की धमकियां पहले भी मिल चुकी हैं। वर्ष 2022 में भी महापौर कार्यालय को इसी तरह की धमकी दी गई थी, जिसकी संबंधित एजेंसियों ने जांच की थी। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य शरारती तत्वों द्वारा भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से किए जाते हैं।

महापौर ने लोगों से की अपील

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली पुलिस की जांच के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की कायराना धमकियों से प्रशासन प्रभावित नहीं होगा और जनसेवा के कार्य लगातार जारी रहेंगे।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।