दिल्ली मेट्रो ने इंडिया गेट के पास बंद किए 4 स्टेशनों के निकास द्वार

Summary :

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शुक्रवार को इंडिया गेट के आसपास स्थित अपने चार स्टेशनों के निकास द्वार बंद कर दिए है ताकि नए साल के मद्देनजर इलाके में भीड़ को कुछ हद तक नियंत्रित किया जा सके।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शुक्रवार को इंडिया गेट के आसपास स्थित अपने चार स्टेशनों के निकास द्वार बंद कर दिए है ताकि नए साल के मद्देनजर इलाके में भीड़ को कुछ हद तक नियंत्रित किया जा सके। डीएमआरसी ने एक बयान में कहा, खान मार्केट, सुप्रीम कोर्ट, केंद्रीय सचिवालय और मंडी हाउस के निकास द्वार बंद हैं।
इन स्टेशनों में प्रवेश और इंटरचेंज की अनुमति है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की सलाह के मद्देनजर डीएमआरसी द्वारा सावधानी बरती जा रही है। डीडीएमए ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को रात के 11 बजे से लेकर सुबह के छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का आदेश दिया।
यह निर्णय कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के चलते लिया गया है। हालांकि अंतरराज्यीय यात्रा पर यह प्रतिबंध लागू नहीं है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपने आदेश में कहा था, नए साल का जश्न मनाने लिए जमा होने वाली भीड़ के मद्देनजर यह आदेश जारी किया गया है।
भीड़ के चलते कोरोनावायरस संक्रमण के फैलने का खतरा है। आदेश के मुताबिक, एक समय में पांच से अधिक लोग सार्वजनिक स्थान पर इकट्ठा नहीं हो सकते हैं। दिल्ली के किसी भी सार्वजनिक स्थान पर नए साल के जश्न की अनुमति नहीं होगी। जिन रेस्तराओं के पास लाइसेंस हैं, वे इस प्रतिबंध के दायरे में नहीं आएंगे।

Desk Team