दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो 120 अतरिक्त कोच जोड़ने की व्यवस्था कर रहा है। इसके तहत 6 कोच वाली ट्रेनों को 8 कोच वाली ट्रेनों में बदला जाएगा। दिल्ली मेट्रो के अनुसार, रेड लाइन के तहत चलने वाली रिठाला से शहीद स्थल न्यू बस अडडा के बीच चलने वाली, येलो लाइन के तहत हुड्डा सिटी सेंटर से समयपुर बादली जाने वाली और ब्लू लाइन के तहत द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली के बीच चलने वाली ट्रेनों में 120 अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे।
इस योजना के तहत 6-कोच वाली ट्रेनों को 8-कोच वाली ट्रेनों में परिवर्तित करने की योजना प्रगति पर है। यह प्रक्रिया इस वर्ष के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद इन लाइनों पर चलने वाली सभी ट्रेनें 8-कोच की हो जायेंगी। इस महीने के अंत तक, येलो लाइन पर सभी बारह 6-कोच वाली ट्रेनों को 8-कोच में बदलने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, जिससे इस लाइन पर कुल 8-कोच वाली ट्रेनों की संख्या 64 हो जाएगी।
इसके बाद, ब्लू लाइन पर नौ 6-कोच और रेड लाइन पर उनचालीस 6-कोच वाली ट्रेनों को इस साल के अंत तक 8-कोच वाली ट्रेनों में बदल दिया जाएगा। इसके बाद इन लाइनों पर कुल 8-कोच वाली ट्रेनों की संख्या क्रमश 74 और 39 हो जाएगी। इन 120 कोचों में से 40 कोच बॉम्बार्डियर से और 80 कोच भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) से खरीदे गए हैं।
यह गतिविधि दिल्ली मेट्रो के तीन मुख्य कॉरिडोर यानी रेड (लाइन -1), ब्लू (लाइन -3,4) और येलो (लाइन -2) लाइन की वहन क्षमता को बढ़ाने के लिए की जा रही है। ये दिल्ली मेट्रो की कुल रोजाना यात्री उपयोगिता का लगभग 40-50 फीसदी है। दिल्ली मेट्रो के पास वर्तमान में 336 ट्रेनों के सेट हैं, जिसमें 181 छह कोच वाली ट्रेनें, 133 आठ कोच वाली ट्रेनें और 22 चार कोच की ट्रेनें हैं।


Download Android App
Download iOS App



