आम आदमी पार्टी (आप) सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने सोमवार को कहा कि जात-बरादरी और धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों को सबक सिखाने के लिए उनकी पार्टी सत्ता में आने पर दिल्ली मॉडल को लागू करेगी।
रामपुर में बरेली गेट पर स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर यूपी के लोगों को भी 200 यूनिट फ्री बिजली, बेहतरीन शिक्षा और स्वास्थ से लेकर हर सुविधा दी जाएगी। आज महंगे बिजली के बिल, महंगी शिक्षा और महंगे इलाज ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि असंवैधानिक तरीके से भाजपा सरकार ने किसान विरोधी कृषि बिल जबरन पास करके देश के किसानों की कमर तोड़ने का काम किया है, हाथरस में सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है। पीड़ित परिवार की जान खतरे में है। योगी सरकार उस परिवार को सुरक्षा नही दे पा रही है। इसलिए वह पीड़ित परिवार को अपने दिल्ली स्थित आवास पर रखना चाहते हैं।
इस मौके पर आप प्रदेश उपाध्यक्ष फैसल खान लाला ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज़ नही है महिलाएं भाजपा सरकार में अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही हैं, उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, बे़खौ़फ अपराधी महिलाओं और मासूम बच्चियों को अपनी दरिंदगी का शिकार बना रहे हैं इसलिए अब लोग आम आदमी पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में बनाना चाहते हैं एक ऐसी सरकार जो फ्री बस, फ्री इलाज, फ्री शिक्षा, फ्री बिजली सहित महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी दे सके।


Download Android App
Download iOS App



