दिल्ली में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना छह महीने से अधिक समय से बंद थी, लेकिन अब केजरीवाल सरकार इस योजना को एक बार फिर आज से शुरू कर रही है। बता दें दिल्ली के 600 बुजुर्गों को लेकर एक ट्रेन सोमवार देर शाम सफदरजंग रेलवे स्टेशन से तीर्थ यात्रियों को लेकर द्वारकाधीश के लिए रवाना होगी। दिल्ली सरकार की तीर्थ यात्रा योजना के तहत यह 72वीं ट्रेन होगी, जो बुजुर्गों को लेकर जाएगी। यात्रा का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। दिल्ली सरकार की यह योजना दिल्ली नगर निगम चुनावों से पहले ही बंद थी।
अब तक 70 हजार से अधिक बुजुर्ग योजना का लाभ उठा चुके हैं
आपको बता दें दिल्ली सरकार का कहना है कि रेल मंत्रालय द्वारा ट्रेन उपलब्ध नहीं कराने के कारण यात्रा प्रभावित हुई थी। अब हमें ट्रेन मिली है तो फिर से बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा को शुरू कर रहे है। तीर्थ यात्रा विकास समिति के अध्यक्ष कमल बंसल ने बताया कि दिल्ली से 600 बुजुर्गों के साथ ट्रेन द्वारकाधीश के लिए रवाना होगी। तीर्थ यात्रा पर जाने के लिए 20-25 हजार बुजुर्गों ने पहले ही पंजीकरण करा रखा है। अब तक 70 हजार से अधिक बुजुर्ग योजना का लाभ उठा चुके हैं।
अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी करने को कहा-वित्त विभाग
साथ ही दिल्ली सरकार ने अपनी योजनाओं की निगरानी और पारदर्शिता के लिए ई-मॉनिटरिंग ऐप के प्रयोग को अनिवार्य कर दिया है। वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक सभी विभागों को अपने यहां चल रहीं योजनाओं की जानकारी ई-मॉनिटरिंग ऐप पर अपडेट करना होगा। वह ऐसा नहीं करते है तो उनका भुगतान रोक दिया जाए। वित्त विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने मातहत काम करने वाले अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी करने को कहा है।
ट्रेन मिलते ही दूसरी यात्रा की तारीख घोषित की जाएगी
दरअसल, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा विकास योजना 6 महीने से बंद थी। इसके चलते तीर्थ यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके 25200 लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली सरकार के अधिकारियों का कहना है रेलगाड़ी नहीं मिलने के चलते यात्राएं रद्द थीं, लेकिन उस दौरान भी बुजुर्गों का पंजीकरण बंद नहीं किया गया। ट्रेन मिलते ही दूसरी यात्रा की तारीख घोषित की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



