Delhi : नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के सोनिया विहार थाने में पुलिस कस्टडी से फरार हुआ बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। आरोपी गत 27 जून को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) राहुल अलवाल ने बताया कि एसीपी (खजूरी खास) यतिन शर्मा की देखरेख में पुलिस टीमें लगातार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही थीं।
तकनीकी जांच के अलावा मुखबिरों को अलर्ट किया गया। ग्राउंड लेवल पर कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम को लीड मिली और आरोपी लालू (23) को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों की मानें तो पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने के बाद से ही पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी थी और उसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबाव बना हुआ था। चूंकि पुलिस को आरोपी के किसी स्थाई ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, ऐसे में उसे ढूंढना पुलिस के लिए एक चुनौती था।
यंग आईपीएस अधिकारी एसीपी यतिन शर्मा ने इस चुनौती को लिया और रणनीति बनाकर आरोपी की तलाश में जुट गए। आरोपी की धरपकड़ के लिए यतिन शर्मा की देखरेख में डिस्ट्रिक्ट लाइन और खजूरी खास व सोनिया विहार थाने के तेज तर्रार पुलिस जवानों की एक ज्वाइंट टीम गठित की गई। टीम में शामिल एएसआई अमरिश, हेड कांस्टेबल मनु, रोहित, कमल पुनिया, कांस्टेबल जितेंद्र, मुकेश आदि ने आरोपी की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए उसे धर दबोचा। यहां बता दें कि सोनिया विहार थाना पुलिस ने आरोपी लालू को फोन झपटमारी के आरोपी में पकड़ा था। मगर वह 27 जून को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर राहत की सांस ली है।
यह भी पढ़ें : FCRA 2.0 पोर्टल एवं e-OCI कार्ड का शुभारंभ, अमित शाह बोले – “विदेशी अंशदान पर बढ़ जाएगी निगरानी…”


Download Android App
Download iOS App




