ई-रिक्शा की मनमानी पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, 15 दिनों में करीब 10 हजार चालान, 327 वाहन जब्त

Summary :

Delhi Police E-Rickshaw Challan Drive: दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले ई-रिक्शा चालकों पर अब पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ईस्टर्न रेंज ने पिछले 15 दिनों में जबरदस्त कार्रवाई करते हुए करीब 9,787 ई-रिक्शा के चालान काट दिए। इतना ही नहीं, लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 327 ई-रिक्शा को जब्त किया है। यह कार्रवाई खासतौर पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनियंत्रित खड़े होने जैसी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए की गई है। ईस्टर्न रेंज में 39 हजार से ज्यादा वाहनों पर गिरी गाज मेट्रो…

Delhi Police E-Rickshaw Challan Drive: दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले ई-रिक्शा चालकों पर अब पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ईस्टर्न रेंज ने पिछले 15 दिनों में जबरदस्त कार्रवाई करते हुए करीब 9,787 ई-रिक्शा के चालान काट दिए। इतना ही नहीं, लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 327 ई-रिक्शा को जब्त किया है। यह कार्रवाई खासतौर पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनियंत्रित खड़े होने जैसी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए की गई है।

ईस्टर्न रेंज में 39 हजार से ज्यादा वाहनों पर गिरी गाज

मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख बाजारों के आसपास ई-रिक्शा का बेतरतीब जमावड़ा जाम और हादसों की वजह बनता है, जिससे आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए 12 से 26 अप्रैल तक ईस्टर्न रेंज ट्रैफिक पुलिस की ओर से चलाए गए इस अभियान में ई-रिक्शा के अलावा अन्य वाहनों को मिलाकर करीब 39,000 से ज्यादा चालान किए गए। इनमें सबसे ज्यादा 21,530 चालान गलत पार्किंग के थे, जबकि रॉन्ग साइड ड्राइविंग के करीब 8,592 चालान किए, जो सड़क सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी को उजागर करता है।
अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों पर विशेष ध्यान दिया गया। कई इलाकों में ई-रिक्शा बिना तय स्टैंड के कहीं भी खड़े हो जाते हैं। साथ ही बीच सड़क पर खड़े होकर ही सवारी बैठाने-उतारने लगते हैं, जिससे ट्रैफिक और ज्यादा बिगड़ जाता है। साथ ही इसके चलते न केवल जाम की समस्या बढ़ रही थी, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ था। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि सड़कों पर व्यवस्था बनी रहे और सभी की यात्रा सुरक्षित हो सके।

नियम तोड़ने वालों को डीसीपी की चेतावनी

ईस्टर्न रेंज के ट्रैफिक डीसीपी के. रमेश ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान सिर्फ चालान काटने के लिए नहीं है, बल्कि इसका मकसद लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि गलत पार्किंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग जैसी लापरवाहियां कई बार जानलेवा साबित होती हैं और इन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।