Delhi Inderpuri Robbery Case: वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के इंदरपुरी थाना इलाके में लोन का कर्ज चुकाने के लिए रची गई फिल्मी साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। स्पोर्ट्स बाइक पर सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े 70 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया, लेकिन उनकी यह चाल ज्यादा देर तक कामयाब नहीं हो सकी। इंद्रपुरी थाना पुलिस ने तेजी और सटीक रणनीति दिखाते हुए इंदरपुरी से लेकर उत्तम नगर तक लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान कर उनका सुराग जुटाया।
लगातार तकनीकी जांच और दबिश के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद कैफ (25), ऋषि यादव (22), सौरभ उर्फ बच्चा (23) और विकास (22) शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 53.40 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्पोर्ट्स बाइक भी बरामद कर ली। खास बात यह रही कि आरोपियों ने फिल्मी स्टाइल में चलते वाहन के आगे बाइक लगाकर बैग छीना और फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी यह चाल ज्यादा देर टिक नहीं पाई।
तीन राज्यों में छापेमारी के बाद मिली सफलता
डीसीपी डीएस भास्कर ने बताया कि आरोपियों को एसीपी मायापुरी इंद्रराज मीणा की देखरेख में एसएसओ इंद्रपुरी आईपीएस कीर्ति यादव के नेतृत्व में इंस्पेक्टर गोविंद सहाय मीणा, सब इंस्पेक्टर मनीष कौशिक, हेड कांस्टेबल माखन, परमजीत, कालूराम, कांस्टेबल संदीप और प्रहलाद की टीम ने पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, घटना 31 मार्च की है, जब मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े कंपनी के कर्मचारियों से 70 लाख रुपये लूट लिए। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस वारदात की साजिश अंदर से ही रची गई थी। कंपनी के कर्मचारी विकास ने ही नकदी की जानकारी अपने साथियों को लीक की और फिर मिलकर पूरी लूट को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लगातार छापेमारी के बाद आखिरकार चारों आरोपियों को दबोच लिया गया। फिलहाल पुलिस बाकी लूटी गई रकम की तलाश और इस साजिश में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी है।


Download Android App
Download iOS App




