Delhi School Bomb threat: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी दी गई। अज्ञात कॉल्स और ईमेल के जरिए मिली इन सूचनाओं के बाद दिल्ली के कई स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया गया। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि एमिटी और बिरला विद्या निकेतन समेत दिल्ली के कई स्कूलों में बम की धमकी मिली है, जिसके बाद स्कूलों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
School Bomb Threat: पुलिस ने संभाली सुरक्षा, हालात नियंत्रण में
बम की धमकी मिलने के बाद संबंधित स्कूलों को एहतियातन खाली करवाया गया और पूरे परिसर में गहन जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। एंटी-सबोटेज टीम, बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और पीसीआर टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्रों, शिक्षकों, स्कूल स्टाफ और आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं।
Bomb threat calls in Delhi : संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना देने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए या किसी तरह की जानकारी मिले, तो तुरंत 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
Delhi School Bomb threat: द्वारका कोर्ट को भी मिली धमकी, जांच जारी
बुधवार को द्वारका कोर्ट को भी ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली, जिसके बाद अदालत परिसर को खाली कराया गया और पुलिस व बम स्क्वॉड ने मौके पर जांच की। बाद में यह धमकी फर्जी निकली। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 9.30 बजे धमकी वाला ईमेल मिला था, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। हाल के महीनों में दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों को इस तरह की फर्जी धमकियां मिलती रही हैं। अब साइबर यूनिट तकनीकी जांच के जरिए इन धमकियों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
























