Delhi School Summer Vacation 2026: दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। इसको लेकर शिक्षा निदेशालय ने सर्कुलर जारी कर दिया है जिसमें अवकाश की अवधि व रिमेडियल क्लास लगाने की पूरी जानकारी दी गई है। आदेश के अनुसार दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। हालांकि, कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए 11 मई से 23 मई तक रिमेडियल क्लास आयोजित की जाएंगी।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रेमेडियल क्लासेज का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि छात्रों के सीखने के नतीजों में वास्तविक सुधार लाना है। इसके लिए शिक्षकों को प्रत्येक छात्र पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने के लिए कहा गया है, जिससे पढ़ाई में कमजोर छात्रों की कमियों को दूर किया जा सके। हालांकि आदेश में कहा गया है कि स्कूलों में शिक्षकों और संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर रेमेडियल कक्षाएं संचालित होंगी। इन क्लास का उद्देश्य छात्रों की पढ़ाई मजबूत करना और सीखने के स्तर में सुधार लाना है।
रिमेडियल क्लास का समय सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं शिक्षकों को सुबह 7:20 बजे से 11 बजे तक स्कूल में मौजूद रहना होगा। प्रत्येक पीरियड एक घंटे का होगा। सर्कुलर के अनुसार कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए विज्ञान और गणित विषय पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हालांकि स्कूल प्रमुख जरूरत के अनुसार अन्य विषयों की भी कक्षाएं संचालित कर सकेंगे। वहीं 12वीं कक्षा के लिए विषयों का चयन स्कूल स्तर पर किया जाएगा।रिमेडियल क्लास में आने वाले छात्रों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य किया गया है। साथ ही छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
इन कक्षाओं में शामिल होने से पहले अभिभावकों की सहमति लेना भी जरूरी होगा। रेमेडियल क्लासेज के प्रभावी संचालन के लिए सभी डीडीई अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण करें। प्रत्येक अधिकारी को रोजाना कम से कम दो ऐसे स्कूलों का दौरा करना होगा, जहां गर्मी की छुट्टियों के दौरान रेमेडियल क्लासेज चल रही हों। आदेश में कहा गया है कि छात्रों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के पुस्तकालय खुले रखे जाएंगे, ताकि छात्र सेल्फ स्टडी और किताबें जारी कर सकें।
स्कूल प्रमुखों को स्वच्छ पेयजल और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि रिमेडियल क्लास के दौरान ड्यूटी करने वाले नियमित शिक्षकों को नियमानुसार अर्जित अवकाश दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर गेस्ट और कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों की सेवाएं भी ली जा सकेंगी। इस काम के लिए उनको मौजूदा नियमों के अनुसार भुगतान किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App




