राष्ट्रीय राजधानी में गुस्साई भीड़ ने हत्यारोपी की मोटरसाइकिल को आग में झोंक दी। यह सब कुछ पुलिस की मौजूदगी में हुआ। भीड़ इस बात से गुस्साई हुई थी कि हत्यारे वारदात को अंजाम देकर बचकर निकल कैसे गए? पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे के आसपास पूर्वी दिल्ली जिले के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि जसपाल सिंह को गोली मारने वाले बदमाश का नाम गुड्डू है। पुलिस उसकी तलाश में छापे मार रही है। घटना के समय आसपास कुछ लोग मौजूद थे। भीड़ को देखकर बदमाश मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल मौके पर ही छोड़कर भाग गए।
सरेआम कत्ल हुआ देख मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। मौके पर मौजूद भीड़ इस बात से गुस्साई हुई थी कि पुलिस की सुस्ती की वजह से हत्यारे मौके से फरार हो गए हैं। गुस्साई भीड़ ने हत्यारोपियों की मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। यह सब कुछ पुलिस की मौजूदगी में हुआ। जब भीड़ हत्यारों की मोटरसाइकिल को आग लगा रही थी, तब वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल भी मौके पर ही पड़ी दिखाई दे रही थी। पुलिस के अनुसार, हत्या में शामिल बदमाशों की पहचान हो चुकी है, और हत्या के पीछे आपसी रंजिश है।


Download Android App
Download iOS App



