नयी दिल्ली : दिल्ली पुलिस के एक सहायक निरीक्षक और दो सिपाहियों को एमसीडी के एक अधिकारी के कथित अपहरण के लिये निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि निलंबित पुलिसकर्मी उत्तर-पश्चिमी जिले के विशेष स्टाफ के साथ तैनात थे।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) विजयंत आर्य ने कहा, हमने सहायक निरीक्षक और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। सतर्कता जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के निरीक्षक का मंगलवार दोपहर करीब तीन बजकर 30 मिनट पर शकूरपुर स्थित उनके कार्यालय के बाहर से अपहरण कर लिया गया था। निरीक्षक के भाई ने यह बात कही थी।
उन्होंने कहा कि एमसीडी इंस्पेक्टर को एक कार में नेताजी सुभाष प्लेस के एक नाइट क्लब में ले जाया गया और क्लब के मालिक ने उन्हें छोड़ने के लिये लिए दो लाख रुपये मांगे। पीड़ित के भाई ने आरोप लगाया कि उनका अपहरण इसलिये किया गया क्योंकि उन्होंने क्लब के मालिक को मानदंडों का उल्लंघन करने के लिए चालान जारी किया था। डीसीपी ने कहा कि पुलिस ने अपहरण की सूचना मिलने के बाद मंगलवार रात अधिकारी को छुड़ाया।


Download Android App
Download iOS App



