स्वतंत्रता दिवस रिहर्सल के चलते 13 अगस्त को दिल्ली में बदलेगा ट्रैफिक रूट, लाल किले के आसपास कई सड़कें रहेंगी बंद

Summary :

Delhi Traffic Police Advisory: स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते 13 अगस्त को दिल्ली के लाल किले और आसपास कई सड़कों पर ट्रैफिक बंद और डायवर्ट रहेगा। सुबह 4 से 10 बजे तक विशेष प्रतिबंध लागू होंगे। बसों और मालवाहक वाहनों के रूट भी बदलेंगे। लोगों से यात्रा से पहले वैकल्पिक रास्ते जांचने की अपील की गई है।

Delhi Traffic Police Advisory: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।  इस बीच  फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते 13 अगस्त को दिल्ली के लाल किले और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।  दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर कई रास्तों पर नॉर्मल गाड़ियों  की आवाजाही रोकने और कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट करने की जानकारी दी है। खासतौर पर सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले के आसपास नॉर्मल  ट्रैफिक बंद रहेगा। 13 अगस्त की सुबह 4 बजे से 10 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निशाद राज मार्ग और एस्प्लेनेड रोड समेत कई सड़कों पर आम गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वहीं  रिंग रोड पर राजघाट से ISBT के बीच भी ट्रैफिक पर असर पड़ेगा।  सिर्फ  केवल अधिकृत और लेबल वाली गाड़ियों  को ही कुछ हिस्सों में जाने की  परमिशन  होगी।  ट्रैफिक पुलिस ने बिना पार्किंग लेबल वाले गाड़ी ड्राइवरों  को सी-हेक्सागन, इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, जेएल नेहरू मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग जैसे रास्तों से बचने की सलाह दी है।

दक्षिण और उत्तर दिल्ली के लिए  अन्य रास्ते

दक्षिण दिल्ली से उत्तर दिल्ली जाने वाले  गाड़ी ड्राइवर अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, मंदिर मार्ग और पंचकुइयां रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। कनॉट प्लेस से उत्तर दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट और एसपी मुखर्जी मार्ग जैसे अन्य  रास्ते सुझाए गए हैं।

वहीं यमुना पार से दिल्ली आने वाले गाड़ी ड्राइवरों  को भी रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ेगा। निजामुद्दीन ब्रिज, पुश्ता रोड, जीटी रोड और युधिष्ठिर सेतु के जरिए ISBT पहुंचा जा सकता है। DND, NH-24, युधिष्ठिर सेतु, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज खुले रहेंगे। लेकिन, ओल्ड आयरन ब्रिज और गीता कॉलोनी ब्रिज से शांति वन की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा।

कमर्शियल गाड़ियों  और बसों पर भी असर

12 अगस्त की आधी रात से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच कमर्शियल  गाड़ियों  की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसी अवधि में महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच इंटरस्टेट बसों की आवाजाही भी बैन  रहेगी।

DTCऔर अन्य स्थानीय बसों के रूट भी बदले जाएंगे। 12 अगस्त की रात से 13 अगस्त सुबह 10 बजे तक रिंग रोड पर ISBT कश्मीरी गेट और निजामुद्दीन खट्टा के बीच बसें नहीं चल सकेंगी। लाल किला, जामा मस्जिद और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाली कई बसों को अन्य  मार्गों पर भेजा जाएगा।

अलग-अलग इलाकों से आने वाली बसों के रूट बदलेंगे

इसके साथ ही दक्षिण दिल्ली से आने वाली बसों को रिंग रोड, NH-24, पुश्ता रोड और नए ISBT ब्रिज की तरफ भेजा जाएगा। गाजियाबाद से आने वाली बसें भोपुरा चुंगी, वजीराबाद रोड और चांदगी राम अखाड़ा होते हुए ISBT पहुंचेंगी।

धौला कुआं की ओर से आने वाली बसों को पंजाबी बाग, आजादपुर और चांदगी राम अखाड़ा के रास्ते भेजा जाएगा। फरीदाबाद से आने वाली बसों को सराय काले खां पर रोका जा सकता है या रिंग रोड से ISBT की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

रिहर्सल स्थल पर इन सामानों पर रोक

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रिहर्सल स्थल पर कैमरा, दूरबीन, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, सिगरेट लाइटर, टिफिन और पानी की बोतल जैसी चीजें नहीं लाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा ड्रोन, पैराग्लाइडर, क्वाडकॉप्टर और अन्य हवाई इक्विपमेंट  की उड़ान पर भी रोक रहेगी। यह बैन  16 अगस्त तक लागू रहेगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 13 अगस्त को लाल किले और मिडल  दिल्ली की ओर जाने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें। रेलवे स्टेशन, ISBT और अस्पताल जाने वाले लोग एक्स्ट्रा  समय लेकर घर से निकलें। पुलिस ने यह भी कहा है कि कोई लावारिस सामान, संदिग्ध व्यक्ति या गाड़ियां  दिखाई दे तो उसे छुएं नहीं और तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना दें।

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।