एक्सीडेंट-प्रोन एरिया में कदम रखते ही बजेगा अलर्ट, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई पहल

Summary :

Delhi Traffic Police News : दिल्ली की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई तकनीक का सहारा लिया है। अब राजधानी में सफर करने वाले वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) में प्रवेश करने से पहले ही मोबाइल पर अलर्ट मिलेगा। इसके साथ ही जिस सड़क पर वे चल रहे होंगे, वहां की अधिकतम निर्धारित गति सीमा (स्पीड लिमिट) की जानकारी भी गूगल मैप्स और मैपमाईइंडिया पर दिखाई देगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस पहल के लिए गूगल इंडिया और मैपमाईइंडिया के साथ साझेदारी की है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना…

Delhi Traffic Police News : दिल्ली की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई तकनीक का सहारा लिया है। अब राजधानी में सफर करने वाले वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) में प्रवेश करने से पहले ही मोबाइल पर अलर्ट मिलेगा। इसके साथ ही जिस सड़क पर वे चल रहे होंगे, वहां की अधिकतम निर्धारित गति सीमा (स्पीड लिमिट) की जानकारी भी गूगल मैप्स और मैपमाईइंडिया पर दिखाई देगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस पहल के लिए गूगल इंडिया और मैपमाईइंडिया के साथ साझेदारी की है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और वाहन चालकों को समय रहते सतर्क करना है।

अधिकारियों के अनुसार, राजधानी के चिन्हित ब्लैक स्पॉट को डिजिटल मैपिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है, ताकि चालक जैसे ही ऐसे क्षेत्र के करीब पहुंचे, उसे तुरंत चेतावनी मिल सके। इस अलर्ट में केवल दुर्घटना संभावित क्षेत्र की जानकारी ही नहीं होगी, बल्कि संबंधित सड़क पर लागू अधिकतम गति सीमा भी प्रदर्शित होगी। इससे वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने और सावधानी से वाहन चलाने में मदद मिलेगी।

ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि आज बड़ी संख्या में लोग यात्रा के दौरान डिजिटल नेविगेशन ऐप का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सुरक्षा संबंधी जानकारी सीधे इन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने से इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा। विशेष रूप से उन लोगों को लाभ मिलेगा जो दिल्ली की सड़कों से परिचित नहीं हैं या पहली बार किसी मार्ग से गुजर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पहल सड़क सुरक्षा को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में दुर्घटना संभावित स्थानों, ट्रैफिक डायवर्जन, सड़क बंद होने और अन्य महत्वपूर्ण यातायात संबंधी जानकारियां भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की योजना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से चालक पहले से सतर्क होंगे, तेज रफ्तार पर नियंत्रण रहेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। यह पहल राजधानी में सुरक्षित और स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में एक अहम प्रयास मानी जा रही है।

Sumant Chaudhary