राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को भी लू का प्रकोप जारी रहा और शहर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि इस मौसम के औसत से पांच डिग्री अधिक रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
सोमवार और बुधवार को आंधी और गरज के साथ छीटें पड़ने का पूर्वानुमान
हालांकि, मौसम विभाग ने सोमवार और बुधवार को आंधी और गरज के साथ छीटें पड़ने का पूर्वानुमान जताया है, जिससे दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
रविवार को चल सकती है लू
आईएमडी के अधिकारियों ने कहा, ”रविवार को भी लू चल सकती है। सोमवार और बुधवार को दिल्ली में आंधी या गरज के साथ छीटें पड़ सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।”
विभाग के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि औसत से दो डिग्री अधिक रहा।
रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 43 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास
आईएमडी ने कहा कि शहर में रविवार को अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसने कहा कि शनिवार को शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 17 प्रतिशत रही।
वहीं, मौसम का पूर्वानुमान जताने वाली निजी एजेंसी ‘स्काईमेट वेदर’ ने कहा कि पालम में इस मौसम का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पालावत ने ट्वीट कर कहा, ”दिल्ली के पालम में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि इस सीजन के साथ ही 2017 के बाद से सर्वाधिक गर्म दिन रहा, जब यह 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।”


Download Android App
Download iOS App



