दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट के बाहर 2 नवंबर को पुलिस और वकीलों के बीच जो हिंसक झड़प का मुद्दा और भी गरमा गया है। दिल्ली के सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने साकेत अदालत के बाहर सोमवार को अपने एक साथी पर हुए हमले के विरोध में पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिसकर्मियों से मारपीट करने वाले वकीलों के लाइसेंस वापस लिए जाएं तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों का तबादला रद्द किया जाए।
पुलिसकर्मियों का मंगलवार का अप्रत्याशित प्रदर्शन उनके सहयोगियों पर हुए दो हमलों के कारण हुआ। सोमवार को साकेत जिला अदालत के बाहर एक पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी गयी थी। शनिवार को ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और वकील के बीच पार्किंग विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच भयंकर झड़प हुई थी जिसमें कम से कम 20 सुरक्षाकर्मी और कई वकील घायल हो गये थे।
वकीलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिसकर्मियों ने तीसहजारी झड़प प्रकरण में शामिल वकीलों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किये जाने की मांग की। प्रदर्शनकारी यह भी चाहते हैं कि तीस हजारी प्रकरण में जिन पुलिसकर्मियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है, उसे रद्द किया जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि दिल्ली पुलिस वरिष्ठ पुलिसकर्मियों विशेष पुलिस आयुक्त संजय सिंह और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) हरिंदर सिंह के निलंबन को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दे। रविवार को दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त को जांच जारी रहने के तहत इन दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला करने का निर्देश दिया। तीस हजारी प्रकरण में कथित संलिप्तता को लेकर एक सहायक उपनिरीक्षक को भी निलंबित कर दिया गया और एक अन्य का तबादला कर दिया गया।
LIVE UPDATE :-
-10 घंटे बाद दिल्ली पुलिसवालों का धरना खत्म हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे पुलिसवालों की मागें मान ली गई हैं। हालांकि, उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिला है, जिनकी वे मांग कर रहे थे।

-दिल्ली में पुलिस मुख्यालय और इंडिया गेट पर पुलिसकर्मी मोमबत्ती जलाकर किया प्रदर्शन।
-स्पेशल कमिश्नर ने कहा कि जिन पुलिसकर्मियों को चोट आईं हैं और घायल हुए हैं, उनका इलाज दिल्ली पुलिस करेगी। घायल पुलिसवालों को 25 हजार रुपये मुआवजा राशि दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि साकेत कोर्ट मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक अनुशासित फोर्स की तरह एक बेहतर उदाहरण पेश कर काम पर लौट आएं। आपकी ज्यादातर बातों को माना जा चुका है और मैं गुजारिश कर रहा हूं कि आप लोग शांति पूर्वक अपनी ड्यूटी पर जाएं।

-उपराज्यपाल अनिल बैजल ने वकीलों के साथ झड़प के बाद मंगलवार को दिल्ली पुलिस कर्मियों के अभूतपूर्व विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर स्थिति की समीक्षा की और कहा कि पुलिस और वकीलों के बीच विश्वास बहाल करना अनिवार्य है।
-दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर ने प्रदर्शन कर रहे पुलिसवालों से धरना खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपकी मांगों को ध्यान में रखा जाएगा।
-दिल्ली के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर देवेश श्रीवास्तव ने प्रदर्शन कर रहे दिल्ली पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन खत्म करने की अपील की। दिल्ली के पुलिस ज्वाइंट कमिश्नर ने प्रदर्शन में शामिल पुलिसकर्मियों को आश्वासन दिया कि पुलिसवालों पर हमला करने वालों पर उचित कार्रवाई होगी और जो कानूनी प्रक्रिया है, उसे हम पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिसवाले अपने अफसरों पर भरोसा रखें। हम घायल पुलिस वालों का इलाज कराएंगे।


Download Android App
Download iOS App



