बीजेपी में शामिल होने के बाद दल-बदल कानून के तहत दिल्ली विधानसभा सचिवालय से अयोग्यता नोटिस मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के बागी विधायक देवेन्द्र सहरावत बुधवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति बी. आर. गवई की अवकाश पीठ से मामले पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया गया था।
पीठ ने सहरावत की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सोली सोराबजी से पहले यह कहा कि वह मामले में दिल्ली हाई कोर्ट जाएं। बाद में पीठ ने सोराबजी से याचिका की प्रति प्रतिवादी को देने और इसका फिर से गुरुवार को उल्लेख करने को कहा।
सहरावत के अलावा दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने बीजेपी में शामिल हुए आप के बागी विधायक अनिल वाजपेयी को भी नोटिस भेजा है। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष ने मंगलवार को सहरावत और वाजपेयी को बीजेपी में शामिल होने के मामले में जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया। सहरावत बिजवासन से जबकि वाजपेयी गांधी नगर सीट से विधायक हैं।


Download Android App
Download iOS App



