महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, 15 दिन में दूर होंगी सुरक्षा संबंधी कमियां

Summary :

West Delhi News : महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में मरीज की मौत के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ हुई हिंसा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चल रही हड़ताल मंगलवार शाम को खत्म हो गई। अस्पताल प्रशासन और रेजिडेंट डॉक्टर संघ के बीच हुई बैठक में डॉक्टरों की मांगों पर सहमति बनने के बाद संघ ने हड़ताल और विरोध प्रदर्शन वापस लेने का फैसला किया। इसके साथ ही रेजिडेंट डॉक्टर तत्काल प्रभाव से अपनी ड्यूटी पर लौट गए। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी बैठक के कार्यवृत्त के अनुसार डॉक्टरों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत…

West Delhi News : महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में मरीज की मौत के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ हुई हिंसा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चल रही हड़ताल मंगलवार शाम को खत्म हो गई। अस्पताल प्रशासन और रेजिडेंट डॉक्टर संघ के बीच हुई बैठक में डॉक्टरों की मांगों पर सहमति बनने के बाद संघ ने हड़ताल और विरोध प्रदर्शन वापस लेने का फैसला किया। इसके साथ ही रेजिडेंट डॉक्टर तत्काल प्रभाव से अपनी ड्यूटी पर लौट गए।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी बैठक के कार्यवृत्त के अनुसार डॉक्टरों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने और उन्हें वायरलेस सेट, हेलमेट व डंडे जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। प्रशासन ने इन मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही अस्पताल के प्रवेश द्वारों की उचित घेराबंदी और उन्हें मजबूत कर अनधिकृत प्रवेश रोकने की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी है। बैठक में रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। हालिया हिंसा की घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समयबद्ध कदम उठाने पर भी सहमति बनी।

एलआर, एचडीयू और नर्सरी में अतिरिक्त गार्ड होंगे तैनात

इसके अलावा एलआर, एचडीयू और नर्सरी विभाग में एक-एक अतिरिक्त पुरुष और महिला सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग भी स्वीकार की गई है। अस्पताल प्रशासन ने सभी मांगों पर 15 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई करने की बात कही है। अस्पताल परिसर में मौजूद कमियों की समीक्षा और उनके समाधान के लिए रेजिडेंट डॉक्टर संघ, अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभागों के सदस्यों की एक आंतरिक समिति भी गठित की जाएगी। समिति की बैठक हर 15 दिन में होगी।प्रशासन ने रेजिडेंट डॉक्टर संघ के सहयोग की सराहना करते हुए अस्पताल में मरीजों की निर्बाध देखभाल और सुचारू संचालन के लिए आगे भी सहयोग की उम्मीद जताई है।

Sumant Chaudhary