नई दिल्ली : दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर को सोमवार को हरी झंडी मिल गई। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से इस योजना को मंजूरी दे दी गई। इस योजना के तहत 29 अक्टूबर यानी भैयादूज के दिन से महिलाओं को डीटीसी की बसों में मुफ्त सफर की योजना शुरू की जाएगी।
इससे पहले दिल्ली कैबिनेट सहित अन्य सभी विभागों ने इस योजना को अपनी मंजूरी दे दी है। सीएम केजरीवाल पहले ही आगामी 29 अक्टूबर से इस योजना की शुरुआत की घोषणा कर चुके है। ऐसे में सोमवार को डीटीसी बोर्ड की बैठक में इस योजना पर औपचारिक तौर पर मुहर लगना ही शेष थी।
300 इलेक्ट्रिक बस की खरीद को भी बोर्ड की मंजूरी
डीटीसी बोर्ड ने 300 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के लिए भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए केन्द्र सरकार से प्रति बस 60 लाख का अनुदान मिलेगा। ये बसें किलाेमीटर स्कीम के तहत चलेंगी। डीटीसी ने केन्द्र से इस स्कीम के लिए 1 हजार बसों की मांग की थी। मगर केन्द्र सरकार ने तीन सौ बसों के लिए हामी भरी है।
ये बसें क्लस्टर सेवा के तहत प्रस्तावित एक हजार इलेक्ट्रिक बसों से अलग होंगी। इन बसों के लिए टेक्निकल बिड का काम भी पूरा हो चुका है। जल्द ही अब इन बसों के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



