नई दिल्ली : डीटीसी की बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर को सोमवार को होने वाली डीटीसी की बोर्ड बैठक में स्वीकृति मिलने की संभावना है। इससे पहले दिल्ली सरकार की कैबिनेट सहित अन्य सभी विभागों ने इस योजना को अपनी मंजूरी दे दी है। सीएम केजरीवाल पहले ही आगामी 29 अक्टूबर से इस योजना की शुरुआत की घोषणा कर चुके है। ऐसे में सोमवार को होने वाली डीटीसी बोर्ड की बैठक में इस योजना पर औपचारिक तौर पर मुहर लग जाएगी।
वहीं दिल्ली में ई-बसों का सफलतापूर्वक परिचालन करने के उद्देश्य से परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत तीन देशों के दौरे पर यूरोप जा रहे हैं। मंत्री अपनी टीम के साथ 25 से 27 सितंबर तक बेल्जियम, फ्रांस और स्वीडन में मौजूद रहकर वहां ई-बस परिचालन की जानकारी लेने के साथ ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन को लेकर भी स्टडी करेंगे।
मंत्री के साथ परिवहन आयुक्त राजीव वर्मा और दिल्ली परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार भी जाएंगे। तीन दिनों की यह विदेश यात्रा इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ पब्लिक ट्रांसपोर्ट की ओर से आयोजित की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



