दिल्ली में दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। शाहदरा के जगतपुरी इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ चौथी मंज़िल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति ने क्रेडिट कार्ड का बिल न चूका पाने के कारण यह कदम उठाया। इस घटना में व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हुई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि सुरेश कुमार सोमवार को करीब तीन बजे रात में अपनी बच्ची को लेकर इमारत के छज्जे पर गया। अपनी बेटी को अपने हाथों में लिया हुआ था और वह वहां से कूद गया। उन्होंने बताया कि उसकी पत्नी भी पीछे पीछे गयी और जब उसने यह देखा तो वह भी छज्जे से कूद गयी।
पुलिस ने बताया कि जगतपुरी निवासी सुरेश कुमार की मौत हो गयी जबकि उसकी पत्नी मनजीत कौर (31) और चार वर्षीय बेटी घायल हो गयी। कौर ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उसके पति के पास विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड थे और उसके ऊपर आठ लाख रूपये बकाया था।
उसने पुलिस को बताया कि बैंकों द्वारा बकाया चुकाने के लिए हर दिन आने वाले फोन और मैसेज से वह परेशान रहता था। सड़क पर तीनों को पड़े देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। उन्हें जीटीबी अस्पताल ले जाया गया जहां सुरेश को मृत घोषित कर दिया गया जबकि उसकी बेटी के दोनों पैरों की हड्डी टूट गयी है।
कौर ने जब छज्जे से छलांग लगायी तो वह बिजली के एक तार से टकरायी जिससे वह अधिक जोर से जमीन पर नहीं गिरी । उसे केवल मामूली चोटें आयी हैं । इस समय उसकी तथा उसकी बेटी की हालत स्थिर है। पुलिस ने कुमार के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि कुमार गुड़गांव में किसी निजी कंपनी में काम करता था। इस घटना को लेकर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



