नई दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के संसद में व्यस्त रहने की वजह से बृहस्पतिवार को होने वाली जीएसटी परिषद की बैठक को स्थगित कर दिया गया। इस बैठक में इलेक्ट्रिक वाहनों (ई -वाहन) पर कर दर में कटौती पर फैसला होना था। अधिकारियों ने यह बात कही। जीएसटी परिषद की 36 वीं बैठक होनी थी। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये होनी थी। बैठक के एजेंडे में सिर्फ एक मुद्दा था।
इसमें ई-वाहनों पर जीएसटी दर को 12 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत करने के केंद्र के प्रस्ताव पर विचार किया जाना था। अधिकारियों ने कहा कि जीएसटी परिषद की बैठक को फिलहाल टाल दिया गया। बैठक की अगली तारीख बाद में तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में दिवाला एवं ऋण शोधन अक्षमता सहिंता में संशोधनों पर चर्चा होनी थी इसलिए वित्त मंत्री सीतारमण का संसद में मौजूद रहना जरूरी था।
इस बीच, पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री अमित मित्रा ने मंगलवार को वित्त मंत्री को पत्र लिखकर जल्दबाजी में ‘एक एजेंडे वाली बैठक’ करने पर आपत्ति जताई थी। कहा कि राज्यों की ओर से उठाए गए अहम मुद्दों को भी एजेंडे में शामिल किया जाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



