नई दिल्ली : जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में भी छात्र संघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। छात्र संघ चुनाव के लिए अभी से छात्र संगठनों ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को हुई एक बैठक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अपनी चुनाव समिति की घोषणा की। इस पर जेएनयू इकाई अध्यक्ष दुर्गेश कुमार ने कहा कि इस बार एबीवीपी चुनाव जीतने के लिए अपने प्रत्याशी को लड़ाएगी न कि कैंपस के सबसे बड़ा छात्र संगठन बनने के लिए। पूरा कैम्पस इस बार के चुनाव में परिवर्तन चाहता है।
जेएनयू का हर एक स्टूडेंट वामपंथ से आज़ादी चाहता है। लेफ्ट ने अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए जेएनयू को बदनाम किया, आज जेएनयू के सकारात्मक पक्ष को दुनिया को दिखाने की जरूरत है, जिसके लिए एबीवीपी प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत मे घोषित चुनाव समिति में चीफ कैंपेन कोऑर्डिनेटर के रूप में ललित पांडेय तथा चुनाव समिति सदस्य के रूप में निधि त्रिपाठी, अणिमा सोनकर, दुर्गेश कुमार, वैलेंटिना ब्रह्मा, विजय कुमार के नाम की घोषणा की गयी।


Download Android App
Download iOS App



