पश्चिमी दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा, आप और कांग्रेस तीनों चुनावी गुना-भाग में जुटे हैं। तीनों राजनीतिक पार्टियां हर उस मौके को भुनाने का प्रयास कर रही है जो चुनावी फायदा पहुंचा सकता है। ऐसे मे नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन के उद्घाटन में तीनों पार्टी के नेता पीछे कैसे रह सकते हैं। हुआ भी ऐसा ही।
शुक्रवार को मेट्रो लाइन के उद्घाटन के बाद भाजपा से सांसद प्रवेश वर्मा, आप से परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और कांग्रेस से पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने दोपहर बाद नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन पर नारियल फोड़ उद्घाटन किया। तीनों पार्टियों ने दावा किया कि उनके प्रयास से ही इस मेट्रो लाइन को शुरू किया जा सका है। सांसद प्रवेश वर्मा मेट्रो भवन से लौटने के बाद द्वारका मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे और वहां पर भाजपा नेताओं के साथ रिबन काटकर मेट्रो लाइन का उद्घाटन किया।
इसके बाद वह कार्यकर्ताओं के साथ नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन तक पहुंचे। यहां बाहर आकर कार्यकर्ताओं से मिले और फिर वापस द्वारा लौट गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा का सपना था कि गांव तक मेट्रो पहुंचे। भाजपा सरकार ने मेट्रो के सपने को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अगले साल तक ढांसा स्टैंड तक पहुंच जाएगी। उसके बाद लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
वहीं आप से मंत्री कैलाश गहलोत ने नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया। साथ ही आप कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने मेट्रो से सफर भी किया। उन्होंने कहा कि नजफगढ़ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा किया वादा पूरा हो गया। वहीं कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही इस लाइन को पास किया था।


Download Android App
Download iOS App



