दुष्कर्म में असफल, वहशी पिता ने केरोसिन डालकर जलाई बेटी

Summary :

गाली गलौच करते हुए उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसमें असफल रहने के बाद उसने बेटी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।

मध्यप्रदेश के भिंड जिले में एक पिता ने बेहद वहशियाना हरकत करते हुए दुष्कर्म में असफल रहने पर अपनी ही बेटी को केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। करीब डेढ़ महीने पुरानी इस वारदात का खुलासा कल तब हुआ, जब आरोपी पिता ने अपनी दूसरी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पिता की घिनौनी करतूत से गुस्साई दूसरी बेटी ने फौरन इस बारे में पुलिस को सूचित किया। वहीं केरोसिन से बुरी तरह जली बेटी का लगभग डेढ महीने ग्वालियर में इलाज चला, जिसके बाद उसे घर लाया गया है।

गोहद चौराहा थाना प्रभारी एसएस चौहान ने बताया कि छीमका गांव में 30 जुलाई को 18 साल की एक युवती अपने जीजा से घर में हंसी मजाक कर रही थी। तभी युवती का पिता आ गया और उसके साथ गाली गलौच करते हुए उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसमें असफल रहने के बाद उसने बेटी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।

बुरी तरह जली युवती को परिजन ग्वालियर ले गए, जहां उसका इलाज कराया। कल फिर पिता ने अपनी दूसरी बेटी (19 साल) के साथ मारपीट कर उसके साथ भी दुष्कर्म करने का प्रयास किया। गुस्से में बेटी ने पुलिस को बुलाकर पूरी घटना बता दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता की पांच बेटियां थी, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है। दो बेटी अभी घर पर ही हैं। बेटियों की मां मानसिक रुप से विक्षिप्त है।

Desk Team