दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में रविवार को पूछताछ के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के कार्यालय रवाना होने से पहले दिल्लीवासियों को लिखे पत्र में कहा कि उन्हें कुछ महीने जेल में रहना पड़ सकता है, लेकिन उन्हें इसकी जरा भी चिंता नहीं है।
सिसोदिया ने कहा कि उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए हैं और उन्हें विश्वास है कि अदालत में उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया जाएगा।
सीबीआई मुख्यालय के लिए रवाना होने से पहले सिसोदिया ने अपनी मां का आशीर्वाद लिया और मथुरा रोड स्थित अपने आवास से राजघाट तक रोड शो किया।
उन्हें आबकारी नीति बनाने और उसके कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सीबीआई ने बाद में शाम को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया के पत्र को ट्विटर पर साझा किया।
सिसोदिया ने पत्र में किसी का नाम लिए बगैर लिखा, ‘‘ये लोग आज मुझे गिरफ्तार करने वाले हैं। उन्होंने मुझ पर झूठे आरोप लगाए हैं। मुझे यकीन है कि ये सभी मामले अदालत में खारिज हो जाएंगे, लेकिन इसमें कुछ समय लग सकता है। हो सकता है मुझे कुछ समय के लिए जेल में रहना पड़े , लेकिन मैं इसे लेकर बिल्कुल भी चिंतित नहीं हूं।’’


Download Android App
Download iOS App



