प्रदर्शनरत किसानों की शेष मांगों पर सरकार के साथ संवाद के लिए संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) द्वारा गठित पांच सदस्यीय समिति ने बुधवार को कहा कि किसान संघ एक प्रस्ताव को लेकर आशावान है और उस पर आगे बढ़ रहा है। यहां समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में किसान नेता युद्धवीर सिंह ने कहा कि उन्होंने केंद्र से मिले एक नए प्रस्ताव पर चर्चा की है।
आंदोलन खत्म कर देना चाहिए या नहीं
एक अन्य किसान नेता गुरनाम सिंह चडूनी ने कहा, ‘‘सरकार के नए प्रस्ताव पर अंतिम फैसला सिंघू बॉर्डर पर एसकेएम की बैठक के दौरान लिया जाएगा।’’ एसकेएम का इस पर फैसला लेने के लिए बुधवार को सिंघू बॉर्डर प्रदर्शन स्थल पर एक अहम बैठक करने का कार्यक्रम है कि प्रदर्शनरत किसानों को सरकार के नए प्रस्ताव के बाद अपना आंदोलन खत्म कर देना चाहिए या नहीं।
कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा
एसकेएम ने मंगलवार को कहा था कि उसने आंदोलन को समाप्त करने का अनुरोध करने वाले सरकार के प्रस्ताव का जवाब दिया है, जिसमें कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसमें किसानों पर दर्ज ‘‘फर्जी’’ मामले वापस लेने के लिये पूर्व शर्त पर भी स्पष्टीकरण मांगा है।


Download Android App
Download iOS App



