South Delhi Crime News : सिजोफ्रेनिया (मानसिक बीमारी) से पीड़ित जवान बेटे की सगे पिता ने ही दामाद के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट कालिंदीकुंज थाना पुलिस ने हत्या की इस गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी पिता तालुकदार अंसारी (64) और उसके दोस्त मोहम्मद वसीम उर्फ अकबर (48) को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने बताया कि वे हसन (38) को डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना सुनसान जगह खड़े कंटेनर में बुलाया। जहां उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान छिपाने के लिए पत्थर से सिर और चेहरा भी कुचल दिया। आरोपी पिता ने बताया कि उसने बेटे की बीमारी से परेशान होकर वारदात को अंजाम दिया।
डीसीपी (साउथ-ईस्ट) विनीत कुमार ने बताया कि गत 23 अगस्त की शाम करीब 7:13 बजे कालिंदी कुंज थाना पुलिस को पुराने कंटेनर में एक व्यक्ति का शव मिला था। युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी। हत्या के बाद मृतक की पहचान छिपाई गई थी। ऐसे में पुलिस के लिए यह ब्लाइंड मर्डर केस था। कालिंदीकुंज थाने में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर एसीपी (सरिता विहार) अनील शर्मा की देखरेख में एसएचओ (कालिंदीकुंज) रमन कुमार सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर किशोर कुमार, इंस्पेक्टर अमित, एसआई सत्याप्रीत आदि की टीम गठित की गई।
इसके अलावा स्पेशल स्टाफ इंचार्ज राजेंद्र डागर, एसआई नरेंद्र, नारकोटिक्स इंचार्ज इंस्पेक्टर विष्णु, एएसआई करमवीर, एएटीएस इंचार्ज अजय दलाल आदि की टीम ने भी संयुक्त रूप से सक्रिय भूमिका निभाते हुए तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
दिन-रात खंगाली सीसीटीवी फुटेज, तब मिला राज
पुलिस टीमों ने लगातार कई दिनों तक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसमें मृतक की कैमरा-टू-कैमरा आवाजाही का रूट खंगाला गया। मृतक दो लोगों के साथ घटनास्थल की तरफ जाता नजर आया, लेकिन वापस नहीं लौटा। वहीं, दोनों संदिग्ध एक फुटेज में गोविंदपुरी स्थित एक सिलाई फैक्ट्री में जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने फैक्ट्री पर दबिश डालकर आरोपी तालुकदार अंसारी और मोहम्मद वसीम को पकड़ लिया। तालुकदार मृतक का पिता और वसीम उसका जीजा था। शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह किया, मगर बाद में सख्ती से पूछताछ में दोनों टूट गए।
उन्होंने गुल हसन की मानसिक बीमारी से परेशान होकर हत्या करने की बात कबूल की। डॉक्टर को दिखाने के बहाने बेटे को पुराने कंटेनर में ले गए। जहां वसीम ने गुल हसन के सिर पर पत्थर से वार किया। उसके पिता ने भी बेटे पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कंक्रीट का पत्थर, खून से सने आरोपियों के कपड़े और गला घोंटने में इस्तेमाल रस्सी बरामद कर ली है। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




